चिलबिला क्रॉसिंग एक बार फिर वन-वे हो गया है। अब मुख्यालय से सुल्तानपुर की ओर जाने वाले वाहनों को रंजीतपुर चिलबिला स्थित डबल फाटक से होकर गुजरना पड़ेगा, जबकि सुल्तानपुर की ओर से आने वाले वाहन सीधे क्रॉसिंग से आएंगे। मंगलवार को डीएम डा. आदर्श सिंह और एसपी एमपी वर्मा चिलबिला क्रॉसिंग पर निर्माणाधीन अप्रोच मार्ग से राहगीरों को हो रही परेशानी को देखने मौके पर पहुंचे। उन्होंने चिलबिला चौकी इंचार्ज से रोज-रोज लगने वाले लंबे जाम की बाबत पूछताछ की।
अप्रोच मार्ग का निर्माण कार्य देख रहे अवर अभियंता को बुलाकर राहगीरों के आने-जाने के लिए दोनों ओर रास्ता बनाने का निर्देश दिया डीएम डा. आदर्श सिंह ने परिस्थितियों का अध्ययन करने के बाद पूर्व की भांति वनवे व्यवस्था को बहाल कर दिया। अब मुख्यालय से सुल्तानपुर की ओर जाने वाले वाहनों को रंजीतपुर चिलबिला स्थित डबल फाटक से होकर गुजरना होगा, जबकि सुल्तानपुर की ओर से आने वाले वाहनों को सीधे क्रॉसिंग से होकर गुजरने की अनुमति होगी। बता दें कि सोमवार को उद्योग बंधु की बैठक में समाजसेवी रोशनलाल उमरवैश्य ने वन-वे करने का मुद्दा गंभीरता से उठाया था।