सांगीपुर थाना क्षेत्र के भैंसना गांव में रंजिश के चलते दो पक्षों में जमकर लाठी-डंडे चले। घटना में दोनों पक्षों से 16 लोग घायल हो गए। बवाल के दौरान एक पक्ष की तरफ से जुटे हमलावरों ने विपक्षी की बोलेरो जीप व बाइक तोड़ डाली। दोनों पक्षों के बीच ग्राम प्रधान के चुनाव के समय से तनातनी चल रही थी। गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस तैनात कर दी गई है।
सांगीपुर के भैंसना गांव में ग्राम प्रधान के चुनाव के समय से ही तनाव बना हुआ है। यहां शाह मोहम्मद ने बान मोहम्मद को हराकर प्रधानी का चुनाव जीत लिया। लेकिन चुनाव होने के बाद भी दोनो पक्षों में तनाव था। सोमवार की सुबह बान मोहम्मद के पक्ष के किसी युवक की बोलेरो की टक्कर में प्रधान पक्ष के आजाद का करीबी जाबिर का चौदह वर्षीय पुत्र साजिद घायल हो गया।
आरोप है कि इसके बाद प्रधान पक्ष के दर्जनों लोग लाठी डंडे व ईंट पत्थर लेकर बान मोहम्मद के परिजनों पर टूट पड़े। हमलावरों ने विरोधियों की बोलेरो जीप व बाइक को भी तोड़कर क्षतिग्रस्त कर दिया। उधर, बान मोहम्मद के पक्ष से भी कई लोग लाठी डंडे लेकर निकल आए और दूसरे पक्ष से मारपीट करने लगे। भैंसना गांव में घंटे भर मारपीट व बवाल होता रहा। जमकर चले लाठी डंडों में एक पक्ष के सबनम, रुकसाना, रेहाना, बदरुननिशा, साहिदा समेत आठ और दूसरे पक्ष की तरफ से तकदीरुल निशा, अनीशा, सीबा, नाज, जमातुलनिशा समेत आठ लोग घायल हो गए। सूचना पर सांगीपुर पुलिस मौके पर पहुंची और बवाल शांत कराया। घटना के बाद गांव में दो थानों की फोर्स समेत क्यूआरटी को तैनात कर दिया गया है। खबर लिखे जाने तक किसी भी पक्ष ने रिपोर्ट नही दर्ज कराई।