फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

व्यापारी नेता का शव पहुंचने पर मचा कोहराम

Wed, 17 Jun 2015 11:31 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो, प्रतापगढ़
विज्ञापन
विज्ञापन
शहर के व्यापारी नेता महादेव केसरवानी का शव बुधवार को बेल्हा पहुंचने पर कोहराम मच गया। उनके घर पहुंचे हर व्यक्ति की आंखें नम हो गईं। गम में डूबे व्यापारियों व नेताओं के साथ दूसरे लोगों ने श्रद्घासुमन अर्पित करने के बाद शहर में शव यात्रा निकाली। उधर, बवाल की आशंका में प्रशासन पूरी तरह चौकन्ना रहा। भयभीत अधिकारियों ने शहर के हर कोने पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर रखा था।
विज्ञापन


सदर बाजार निवासी व्यापारी नेता महादेव केसरवानी को दस जून की सुबह घर में सोते समय गोली मारी गई थी। गंभीर रूप से घायल व्यापारी का गुड़गांव के मेदांता अस्पताल में इलाज चल रहा था। वहां मंगलवार की शाम साढ़े छह बजे व्यापारी नेता ने अंतिम सांस ली। महादेव की मौत की खबर मिलते ही प्रशासन अलर्ट हो गया। रात से ही पूरे शहर में पुलिस बल तैनात कर दिया गया। आवास के बाहर बड़ी संख्या में थानेदार संग पीएसी के जवान मुस्तैद कर दिए गए थे। बुधवार की सुबह एसडीएम सदर जेपी मिश्रा, सीओ सिटी एमपी सलोनिया जनपद की सीमा पर पहुंचकर एंबुलेंस का इंतजार करने लगे। करीब पौने दस बजे बेटा अमित शव लेकर देल्हूपुर पहुंचा तो अधिकारी रास्ता खाली कराते हुए मर्चरी पहुंचे। यहां पहले से ही एएसपी पूर्वी अखिलेश्वर पांडेय, एएसपी पश्चिमी दिनेश सिंह, अपर जिलाधिकारी पुनीत शुक्ला दलबल के साथ मौजूद थे। पंचायतनामा भरने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया गया। इसके बाद परिजन शव लेकर घर पहुंचे। पत्नी, बहू, बेटी शव देखते ही बिलख पड़ीं।

 रिश्तेदार सभी को संभालते रहे। महादेव का शव देखते ही वहां मौजूद सैकड़ों लोगों की आंखें नम हो गईं। करीब एक घंटे बाद शव को अंतिम संस्कार के लिए लेकर लोग रवाना हुए। घर से लेकर निर्मल तिराहे तक व्यापारियों ने शव यात्रा निकाली। उदयपुर, रानीगंज, संग्रामगढ़ एसओ ने पीएसी के साथ व्यापारी नेता के शव को जनपद की सीमा तक पहुंचाया। सीमा पार कराने के बाद जिला प्रशासन ने राहत की सांस ली। इस मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष प्रमोद मौर्य, नगर पालिका अध्यक्ष हरि प्रताप सिंह, सदर ब्लाक प्रमुख विनय सिंह, व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष सरदार मंजीत सिंह छाबड़ा, महामंत्री राजेंद्र केसरवानी, संजय जैन, भाजपा नेता धीरज ओझा, रामकृष्ण गुड्डू, अमर केसरवानी, सपा जिलाध्यक्ष भैयाराम पटेल, बसपा जिलाध्यक्ष लालचंद्र गौतम, रोशनलाल ऊमरवैश्य, श्रीकिशोर अग्रवाल, सांसद हरिवंश के प्रतिनिधि राघवेंद्र सिंह राजू, राजू अग्रवाल, गुड्डू, उमेश पासी, इरशाद सिद्दीकी, शकील अहमद, बसपा पट्टी के प्रत्याशी विनोद पांडेय, सदर प्रत्याशी अशोक त्रिपाठी, अनुराग सिंह, ट्रांसपोर्ट यूनियन के अध्यक्ष विजय सिंह, उमा प्रकाश अग्रहरि, श्याम किशोर शुक्ला समेत सैकड़ों व्यापारी व नेता मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें