शहर के करीब भुलियापुर ईदगाह में आयोजित होने वाले तब्लीगी दीनी इज्तेमा मेें हजारों लोग पहुंचेंगे। उनके लिए हर व्यवस्था का इंतजाम किया जा रहा है। स्टेशन से लेकर चौराहों पर खिदमतगार नजर आएंगे।
भुलियापुर ईदगाह में वैसे तो 24 दिसंबर से तब्लीगी दीनी इज्तेमा में लोगों के पहुंचने का सिलसिला जारी रहेगा। 25 दिसंबर से इज्तेमागाह में उलेमा इकराम अपने बयानों से लोगों को नेकी की राह पर चलकर दीन से जोड़ने की कोशिश करेंगे। यहां लोगों को इस्लाम के तौर तरीके पर जीवन जीने का तौर तरीका बताया जाएगा।
खुदा की रजा के लिए नेकी की राह पर चलने व दीनी दावत देने की बातें होंगी। इसके लिए ईदगाह परिसर के इर्द गिर्द इज्तेमा में शामिल होने वाले लोगों की सहूलियत के लिए सभी व्यवस्थाएं की जा रहीं हैं। ताकि उन लोगों को किसी भी तरह की मुश्किल का सामना न करना पड़े। इज्तेमागाह के करीब ही वजूखाना, बैतुलखला, पेयजल समेत दूसरे इंतजाम किए गए हैं। पूरे परिसर को बाहर से तिरपाल व टेंट से ढका जा रहा है। पुआल बिछाया जाएगा। ताकि लोगों को ठंड से बचाया जा सके। वैसे तो दूर- दराज के साथ आसपास के लोग जो इज्तेमा में शामिल होंगे।
वे मौसम से बचने के लिए पूरे इंतजाम के साथ आएंगे। इज्तेमा की तैयारियों को अंतिम रूप देेने के लिए शहर से लेकर ग्रामीण अंचल के युवा पहुंच रहे हैं। शहर के लोग शाम को तो गांव के लोग दिन में पहुंचकर खिदमत के काम को हाथों हाथ ले रहे हैं ताकि इज्तेमा में आने वाले मेहमानों को किसी भी तरह की दिक्कत का सामना न करना पड़े। इज्तेमा में शामिल होने वाले लोगों को स्टेशन, बस अड्डा समेत दूसरे स्थानों पर खिदमतगार मिलेंगे। जो उन्हें मंजिल तक पहुंचाएंगे।