चार दिनों से क्षेत्र के सैकड़ों गांवों की बत्ती गुल है। इससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। किसान गेहूं की सिंचाई नहीं कर पा रहे हैं। वहीं लोगों के मोबाइल फोन भी स्विच आफ हैं। बिजली की इस अव्यवस्था से उपभोक्ताओं में आक्रोश है। वे उपकेंद्र का घेराव करने का मन बना रहे हैं।
सैकड़ों गांवों में चार दिनों से अंधेरा छाया है। रानीगंज उपकेंद्र क्षेत्र के टोडर पट्टी, आसीपुर, लच्छीपुर, दरियापुर, पूरेगोसाईं, संडौरा हरिहरगंज, चांदपुर, चंदेलेपुर, वेलासगंज सहित दर्जनों गांवों में बिजली न आने से उपभोक्ता परेशान हैं। वहीं पाण्डेयतारा, गौरा, तौकलपुर उपकेंद्र से भी दर्जनों गांवों में बिजली आपूर्ति बाधित है। जिससे गेहूं की फसल सिंचाई के अभाव में सूख रही है। वहीं लोगों के मोबाइल, इनवर्टर सहित लद्यु उद्योग धंधे ठप पड़े हैं।
वहीं छात्र-छात्राओं की पढ़ाई भी चौपट हो रही है। वे ढिबरी की रोशनी में पढ़ाई करने को मजबूर हैं। उपभोक्ताओं ने इसकी शिकायत उपकेंद्र पर की तो कर्मचारियों ने बड़े अधिकारी से बात करने को कहा। नाराज ग्रामीणों ने 24 घंटे में विद्युत आपूर्ति न चालू होने पर प्रदर्शन करने की चेतावनी दी है।