शादी के दौरान दहेज में महंगी बाइक मांगने पर दुल्हन ने विवाह करने से ही इनकार कर दिया। इससे हंगामा मच गया। काफी मान-मनौवल हुआ, लेकिन दुल्हन टस से मस नहीं हुई। उसने दहेजलोभी युवक को अपना जीवनसाथी बनाने से साफ इनकार कर दिया। ऐसे में दूल्हे समेत बारातियों को बैरंग लौटना पड़ गया। रिश्तेदारी से विवाह में ही शामिल होने आए एक युवक ने लड़की का हाथ थामा और बिना दहेज के उसके साथ शादी की। लड़की के इस फैसले को लेकर पूरे शहर में चर्चा है।
बुधवार को रेलवे स्टेशन के निकट एक फल व्यवसायी की बेटी की शादी थी। बारात सुजानगंज जिला जौनपुर से आई थी। धूमधाम से कन्या पक्ष के लोगों ने वर पक्ष के लोगों की अगवानी की। उनकी पूरी आवभगत की गई। शाम को मेहमाननवाजी की रस्म पूरी होने के बाद अचानक दूल्हे ने दुल्हन के घरवालों से महंगी बाइक की डिमांड कर दी। अचानक बाइक की डिमांड होने से लड़की के परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई। उन्होंने गाड़ी देने में असमर्थता जताई। जब यह बात दुल्हन को पता चली तो उसने खुद ही शादी से इनकार कर दिया। बोली कि वह ऐसी दहेज लोभियों से रिश्ता नहीं करना चाहती है।
मामले की जानकारी होने के बाद दोनों पक्षों में हड़कंप मच गया। दुल्हन का मिजाज भांपकर दूल्हे पक्ष के लोग बाद में बिना बाइक के शादी के लिए तैयार हो गए, लेकिन वह टस से मस नहीं हुई। उसने शादी करने से साफ मना कर दिया। माता-पिता ने भी अपनी लड़की पर कोई दबाव नहीं बनाया। बारात रात में बिना दुल्हन के ही लौट गई। बारात लौटने से लड़की और उसके माता-पिता का रो-रा ेकर बुरा हाल था।
समाज के लोग भी तरह-तरह की बातें करने लगे। इसी बीच लड़की की ननिहाल से शादी में शामिल होने आया एक युवक उसका हाथ थामने के लिए तैयार हो गया। फिर क्या था देखते ही देखते घर का सारा माहौल बदल गया। लोगों के चेहरों पर फिर से खुशियां लौट आईं। गुरुवार को उस लड़के के साथ युवती की शादी हुई।