ब्लाक प्रशासन की लापरवाही से पोलिंग पार्टियों का रवाना करने की तैयारी में जुटे मतदान कर्मचारी गुरुवार को दिनभर खाना व पानी के लिए तरस गए। भूखे पेट कर्मचारियों ने ग्राम पंचायतों में प्रत्याशियों की संख्या के हिसाब से मतपत्रों का मिलान किया। कोई व्यवस्था न होने से उनमें आक्रोश रहा।
तीसरे चरण के लिए लालगंज तहसील में होने वाले पंचायत चुनाव के लिए शुक्रवार को पोलिंग पार्टियाें को रवाना होना है। पोलिंग पार्टियां समय से मतदान केंद्रों पर पहुंच जाएं, इसके लिए चारों ब्लाकों में आरओ और एआरओ दिनभर मतपत्रों का मिलान व स्टेशनरी आदि का पैकेट बनाने में जुटे रहे। लेकिन लालगंज ब्लाक में चुनाव प्रक्रिया की तैयारी के लिए आए कर्मचारियों को दिन भर खाना और पानी के लिए तरसना पड़ गया।
ब्लाक प्रशासन की लापरवाही के चलते यहां के आरओ एवं एआरओ समेत तमाम कर्मचारियों को भोजन तो दूर चाय तक के लिए तरसना पड़ गया। इस बाबत एसडीएम वाईबी सिंह का कहना है कि मतदान कर्मियों को खाना-पानी नहीं मिलना गलत है। इसके लिए अलग से पैसा जिला प्रशासन ने भेजा है। जांच कराने के बाद दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।