मौसम के अचानक करवट लेने से मंगलवार की शाम तेज हवा के झोकों के साथ हल्की बूंदाबांदी हुई। इससे एक तरफ जहां मौसम सुहाना हो गया। वहीं ठंड का अहसास भी लोगों को होने लगा। तेज हवा की वजह से दुकानों व घरों पर लगे टीनशेड भी क्षतिग्रस्त हो गए।
लगभग एक सप्ताह से ठंड के साथ सुबह धूप के कारण गर्मी का मौसम था। दोपहर की गर्मी की वजह से लोग परेशान थे। मंगलवार की शाम अचानक तेज हवा के झोंके के साथ हुई हल्की बारिश ने मौसम में ठंडक घोल दी। अचानक बारिश होने से लोग सड़कों से भागकर इधर-उधर खुद को बचाने का प्रयास किए। वहीं बाजार आए शहरवासी भी घर की ओर भाग निकले। सड़कों पर जमा भीड़ बारिश से बचने के लिए गायब हो गई। थोड़ी देर हुई बारिश ने शहर की सड़कों को भिगो कर रख दिया। तेज हवा के झोकों को देख लोगों ने घर के दरवाजे व खिड़कियों को बंद कर लिया। वहीं तेज हवाओं की वजह से दुकानों व घरों पर लगे टीनशेड व लकड़ी के बने छप्पर गिरकर क्षतिग्रस्त हो गए। कुछ देर बाद मौसम के शांत होने पर लोग बाहर निकल सके।