पाकिस्तान से भारत लाई गई मूकबधिर गीता पर अपना दावा जताने वाला महेशगंज का परिवार उसे पाने के लिए हर जांच कराने को तैयार है। खुद को उसकी मां बताने वाली अनारा देवी पति रामराज के साथ इस मामले को लेकर मंडलायुक्त से मिली और अपना दुखड़ा सुनाया। कहा कि उसका डीएनए टेस्ट करा लिया जाए। उसके प्रार्थना पत्र को गंभीरता से लेते हुए कमिशभनर ने प्रमुख सचिव गृह और जिलाधिकारी प्रतापगढ़ को डीएनए टेस्ट कराने के लिए पत्र भेजा है। उधर, पूरे परिवार के साथ रामराज गीता से मिलने के लिए दिल्ली रवाना हो गया है।
23 साल की गीता कराची में ईदी फाउंडेशन के आश्रय स्थल में रहती थी। वह करीब एक दशक पूर्व लाहौर स्टेशन पर समझौता एक्सप्रेस में मिली थी। पुलिस उसे लाहौर के चेरिटेबल ईदी फाउंडेशन में ले गई। कुछ दिनों पूर्व जब मामला सामने आया तो महेशगंज थाना क्षेत्र के रामा का पुरवा पूरे रामा निवासी रामराज गौतम व उसकी पत्नी अनारा देवी ने दावा किया कि गीता उनकी खोई हुई बेटी सविता है। दंपति का कहना था कि 11 साल पहले वह छपरा में उनसे बिछुड़ गई थी और किसी तरह पाकिस्तान चली गई। दोनों ने उसके बचपन की तस्वीर दिखाते हुए तमाम तर्क भी दिए। उनकी बातों की सत्यता परखने के लिए एसडीएम कुंडा को भी लगाया गया। कुछ दिनों तक फोर्स भी उनके घर पर तैनात रही। जब रामराज को पता चला कि गीता का दूसरे परिवार से नाता जोड़ा जा रहा है तो वह बेचैन हो उठा।
गीता के वतन वापसी की खबर पाकर रामराज अपने परिवार के साथ सोमवार को इलाहाबाद पहुंचा। वहां कमिशभनर राजन शुक्ला से मुलाकात कर अपना दर्द सुनाया। बोला कि वह डीएनए समेत हर जांच को तैयार है, लेकिन उसकी खोई बेटी उसे मिल जाए। रामराज की बातों को गंभीरता से लेते हुए कमिशभनर ने डीएम प्रतापगढ़ और प्रमुख सचिव को पत्र भेजकर रामराज की जांच कराने के लिए ठोस कदम उठाने की बात कही। उन्होंने उसका डीएनए टेस्ट कराने के लिए प्रमुख सचिव गृह और डीएम प्रतापगढ़ को पत्र लिखा है। कमिशभनर से मिलने के बाद रामराज अपने परिवार के साथ गीता से मिलने के लिए दिल्ली रवाना हो गया। रामराज व अनारा से कई बार संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन बात नहीं हो सकी। वह और उसका परिवार गीता के लिए हर जांच को तैयार है। जिलाधिकारी अमृत त्रिपाठी ने बताया कि अभी वह मुख्यालय से बाहर हैं। यदि कमिशभनर ने पत्र भेजा है तो उसका पालन कराया जाएगा और रामराज के डीएनए टेस्ट के लिए विदेश मंत्रालय को लिखा जाएगा।