जिलाधिकारी अमृत त्रिपाठी व पुलिस अधीक्षक बलिकरन सिंह यादव बुधवार को वाहन चेकिंग का निरीक्षण करने पहुंचे। अधिकारियों के निरीक्षण में जिला आबकारी अधिकारी फंस गए। राजस्व विभाग के अधिकारी भी पुलिस के साथ वाहनों की चेकिंग कर संदिग्ध लोगों की सघन जांच पड़ताल कर कार्रवाई करते रहे।
जनपद में लगातार हो रहीं आपराधिक घटनाओं को देखते हुए जिलाधिकारी अमृत त्रिपाठी व पुलिस अधीक्षक बलिकरन सिंह यादव ने बुधवार को पूरे जनपद में वाहन चेकिंग का आदेश दिया। पुलिस के साथ राजस्व विभाग के लोग भी चेकिंग में शामिल हुए। शहर के हर चौराहों पर भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा। डीएम व एसपी भी वाहन चेकिंग का निरीक्षण करने के लिए निकले। गायघाट रोड पर शहर कोतवाल बलिराम मिश्र, सीताराम धाम जोगापुर में सीओ सिटी एमपी सलोनिया वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। सबसे पहले अधिकारी गायघाट पहुंचे।
पुलिस से बचने के फेर में कई बाइक सवार गिरकर चुटहिल हो गए। दोनों अधिकारी वहां से बेल्हा देवी के करीब सई पुल पर पहुंचे। इसके बाद सीताराम धाम पहुंचकर चेकिंग का निरीक्षण किया। इस दौरान बोलेरो सवार कौशांबी में तैनात एक बीडीओ फंस गए। इसके अलावा चार पहिया वाहनों में लगी काली फिल्में उतरवाई गईं और सभी पर जुर्माना ठोंका गया। इस बीच इलाहाबाद की ओर नीली बत्ती लगाकर जा रहे जिला आबकारी अधिकारी भी चेकिंग में फंस गए। जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने नीली बत्ती लगाने की बाबत पूछताछ की। बाइक सवार लोग पुलिस से बचने के लिए भागदौड़ करते रहे। एक सपा नेता की कार पर भी जुर्माना ठोंका गया। शहर में लोग गलियों से अपने गंतव्य की ओर भागते नजर आए।