शहर के जीजीआईसी में आयोजित विज्ञान प्रदर्शनी में रिवर डेल स्कूल के छात्र फैसल अनीस ने रेल गाड़ी के लिए तैयार अपना ऑटोमेटिक सिग्नल का मॉडल प्रस्तुत किया। उसने जो मॉडल बनाया है उसमें रेलवे क्रासिंग पर ट्रेन के एक किमी की दूरी होने पर ही फाटक के स्वत: बंद और खुलने की व्यवस्था है।
जिले की पांचों तहसीलों में सोमवार को विज्ञान प्रदर्शनी में बाल वैज्ञानिकों ने अपनी क्षमता का प्रदर्शन किया। सदर तहसील की प्रतियोगिता जीजीआईसी में आयोजित की गई। जिसमें विभिन्न कॉलेजों के बच्चे अपना मॉडल लेकर पहुंचे। निर्णायकों ने रिवर डेल स्कूल के छात्र फैसल अनीस के मॉडल की सराहना करते हुए उसे रेलमंत्री को भेजने की सलाह दी।
जूनियर वर्ग में पांच विषयों पर आधारित मॉडल में उद्योग पर फैसल अनीस प्रथम, स्वास्थ्य, पोषण और स्वच्छता पर जीजीआईसी की छात्रा रीति गुप्ता, संसाधन प्रबंधन पर रिवरडेल की शाम्भवी पांडेय, कृषि और खाद्य सुरक्षा पर रिवरडेल के छात्र आयुष सिंह, आपदा प्रबंधन पर वीएस मेमोरियल की अंशिका सिंह अव्वल रहीं। सीनियर वर्ग में सादमा जमीर, आस्था श्रीवास्तव, तसनीम बानो, प्रगति दूबे ने बाजी मारी।
प्रदर्शनी में 30 मॉडलों का चयन किया गया। जीजीआईसी प्रिंसिपल गरिमा श्रीवास्तव ने बच्चों के उत्साह की सराहना की। निर्णायक की भूमिका एमडीपीजी कॉलेज विनोद शुक्ल, डा. पीयूषकांत शर्मा, डा. अखिलेश पांडेय, सविता सिंह ने निभाई। इधर रानीगंज स्थित स्वामी करपात्री इंटरकॉलेज में आयोजित प्रदर्शनी का अवलोकन जीजीआईसी बरहदा के प्रिंसिपल डा. विंध्याचल सिंह और प्रिंसिपल डा. रामकुमार पांडेय ने किया।