सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पट्टी अंतर्गत मरियमपुर गांव में मरियम नहर और कंजा नाले में शनिवार को गत्ते में पैक लाखों की आयरन दवा की गोलियां मिली हैं। सरकारी दवाओं के नहर में फेंके जाने की खबर मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ लग गई। दवाओं पर यूपीजी और नॉट फार सेल लिखा है। सूचना मिलने के बाद स्वास्थ्य महकमे में हड़कंप मचा हुआ है।
शनिवार को सुबह मरियमपुर गांव के लोग शौच के लिए नहर पर गए तो वहां पर भारी मात्रा में दवाओं का गत्ता फेंका हुआ मिला। थोड़ी दूर पर कंजा गांव के नाले में भी गोलियां फेंकी हुई लोगों को मिलीं। यह खबर पूरे गांव में फैल गई। देखते ही देखते सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण वहां पहुंच गए। ग्रामीणों ने गत्ते में भरे दवाओं के पैकेट निकालकर देखा तो पता चला कि सभी में आयरन और फोलिक एसिड की गोलियां भरी हुई हैं। चिकित्सकों के अनुसार ये दवाएं गर्भवती महिलाओं को खाने के लिए दी जाती हैं। ग्रामीणों का कहना है कि गोलियों की संख्या इतनी अधिक है कि इसको एक पिकअप वाहन में आसानी से भरा जा सकता है।