रानीगंज थाना क्षेत्र के जामताली बाजार स्थित डाकघर में सोमवार सुबह आग लग गई। इससे अभिलेख और अन्य कीमती सामान जलकर राख हो गए। हादसे से बाजार में अफरातफरी मच गई। बाजार निवासी शेषनारायण पांडेय के मकान में नीचे डाकघर की शाखा और ऊपरी मंजिल पर ग्रामीण बैंक की शाखा है। सोमवार भोर में शार्ट सर्किट से डाकघर में आग लग गई। धुआं देख पड़ोस के लल्ला जायसवाल ने शोर मचाया। लोगों ने पोस्टमैन सुरेश मिश्रा को सूचना दी। बाजार के लोग आग बुझाने का प्रयास करने लगे, लेकिन दरवाजा और खिड़की बंद होने से प्रयास व्यर्थ रहा। पोस्टमास्टर ने दरवाजा खोला।
इसके बाद लोग आग बुझाने की कोशिश करने लगे। करीब आधे घंटे बाद आग पर काबू पा सके। आग से विभागीय अभिलेख, किसान विकास पत्र, एनएससी, सुकन्या, आरडी के रजिस्टर, कंप्यूटर समेत अन्य उपकरण जलकर राख हो गए थे। गनीमत थी आग की बैंक तक नहीं पहुचीं। लोगों ने हादसे की सूचना फायर ब्रिगेड को दी, करीब पौन घंटे बाद फायरब्रिगेड के लोग पहुंचे। हालांकि तब तक आग बुझ चुकी थी। इससे लोगों में आक्रोश था। वहीं हादसे की सूचना पर रानीगंज एसओ लल्लन यादव भी दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। पोस्टमास्टर शीतला प्रसाद मिश्र ने बताया कि आग लगने से अभिलेख व अन्य सामान जले हैं।
डाकघर में बिजली न होने की दशा में कामकाज के लिए जनरेटर चलाया जाता है। सोमवार को लगी आग ने कमरों में रखे अभिलेख जलाकर राख कर दिया। कमरे के पीछे जनरेटर की टंकी में पेट्रोल भरा था। यदि आग की लपटें जनरेटर तक पहुंच गई होतीं तो बड़ा हादसा हो सकता था।