राह चलते छात्राओं के साथ छेड़छाड़ करना एक शोहदे को भारी पड़ गया। लगातार कई दिनों से उसकी हरकतों से परेशान दो छात्राएं सोमवार को आपा खो बैठीं। उन्होंने सरेराह उसे पीटना शुरू कर दिया। पीछे से आए घरवालों ने भी मनचलों को धुना। मौका देखकर पब्लिक ने भी हाथ साफ किया। उससे उठक-बैठक कराई। चारों ओर से घिरा मनचला लगातार माफी मांगता रहा। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची, लेकिन उससे पहले ही वह मौका देखकर भाग निकला।
नगर कोतवाली क्षेत्र के राजगढ़ की रहने वाली दो छात्राएं शहर में किराए के कमरे में रहकर पढ़ाई करती हैं। कोचिंग आते जाते समय कोहड़ा का रहने वाला एक मनचला अक्सर दोनों को छेड़ता था। वह रोज उनसे मोबाइल नंबर मांगता था। दोनों छात्राओं ने इसकी जानकारी अपने घरवालों को दी। सोमवार को दोनों छात्राएं मीराभवन में कोचिंग के बाद लौट रही थी। रोडवेज बस डिपो के करीब उन्हें देखकर बाइक सवार मनचला पहुंच गया। वह अभी मोबाइल नंबर मांगने के लिए बोला ही था कि दोनों छात्राओं ने उसे रोक लिया। इसके बाद उसे ऐसा थप्पड़ जड़ा कि वह सन्न रह गया। पीछे से आ रहे छात्राओं के परिजनों ने उसे दबोच लिया। आसपास के लोग भी मामला जानने के बाद मनचले युवक पर टूट पड़े। वे उसकी जमकर पिटाई करते हुए उठक-बैठक कराने लगे। करीब पंद्रह मिनट तक जारी बवाल के दौरान सड़क पर जाम लग गया। पिट रहा मनचला क्षमा मांगने लगा। लोगों ने उसे छात्राओं के पैरों पर गिरकर माफी मांगने को कहा। उसने वैसा ही किया। इस बीच मौका पाकर वह भाग निकला। लोगों ने कुछ दूर पीछा किया, लेकिन वह हाथ नहीं लगा। इसके बाद परिजनों संग दोनों छात्राएं घर चली गईं।