कोतवाली के रायपुर तियाईं में बाइक छिनैती रोकने और युवक की जान बचाने के लिए अपनी जाने जोखिम में डालने वाले चंद्रेश सरोज के साहस की राज्यसभा सदस्य प्रमोद तिवारी ने सराहना की है। उन्होंने उसको पुरस्कृत करने के लिए शासन को पत्र लिखने की बात कही है। बता दें चंद्रेश पुलिस व सेना में भर्ती की तैयारी के लिए प्रतिदिन शाम को साथियों के साथ दौड़ लगाता है। बीती 19 मई की शाम सराज जानमती के बबुरी निवासी जाकिर दवा लेने जा रहा था। रास्ते में उसे बदमाशाें ने रोक लिया और बाइक व नकदी लूटने के लिए पिटाई करने लगे। जाकिर ने विरोध किया तो उसने बदमाशाें ने तमंचा निकाल लिया।
इस बीच उधर से रायपुर तियांई का चंद्रेश सरोज साथियों के साथ दौड़ लगाकर वापस लौट रहा था। वह बिना कुछ सोचे जाकिर को बचाने के लिए लुटेराें से भिड़ गया। एक बदमाश को उसने दबोच लिया तो उसके साथी ने चंद्रेश के सीने में गोली उतार दी। जिसके बाद से वह इलाहाबाद के एसआरएन अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहा है। जानकारी पर प्रमोद तिवारी अस्पताल जाकर उससे मिले और आर्थिक सहयोग के साथ चिकित्सकीय सुविधाएं उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। प्रमोद ने जिलाधिकारी व एसपी से मोबाइल पर युवक के साहस की बाबत चर्चा क रते हुए उसे वीरता पुरस्कार देने के लिए पत्र लिखने को कहा है।