मां पूनम व बेटी दिव्यांशी। फाइल फोटो
- फोटो : प्रतापगढ़
सांगीपुर इलाके में गुरुवार को नौ दिन पहले घर से गायब मां-बेटी का शव सई नदी में मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों के शवों की शिनाख्त कराने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। काफी तलाश के बाद भी दोनों के बारे में कोई सुुराग नहीं मिलने पर पति ने थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी।
सांगीपुर थाना क्षेत्र के पद्माकरपुर में सई नदी के किनारे गुरुवार को चार साल की बच्ची की लाश देख लोग दंग रह गए। अभी लोग बच्ची की लाश देखने के बाद उसकी पहचान का प्रयास कर रहे थे कि तभी पता चला कि देऊम पूरब पूरे सुदामा घाट पर एक महिला की भी लाश नदी में उतराई हुई है।
इसकी जानकारी होने पर गांव में सनसनी फैल गई। हर कोई शव देखने के लिए नदी की ओर भागा। सूचना मिलने पर पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस ने आशंकावश सिंघनी गांव के मनोज को बुलाया। वह नदी से बाहर पड़े दोनों के शवों को देखकर बिलखने लगा। उसने शवों की पहचान अपनी चार वर्षीय बेटी दिव्यांशी और 30 वर्षीय पत्नी पूनम के रूप में की। पुलिस की पूछताछ में मनोज ने बताया कि 26 मार्च को पूनम बेटी दिव्यांशी के साथ घर से अचानक गायब हो गई थी।
जबकि बड़ा बेटा सोनू उसके पास ही था। पत्नी की तलाश में वह रिश्तेदारी समेत सभी जगहों पर भटका, लेकिन कुछ पता नहीं चल सका। 28 मार्च को पूनम की लोकेशन गौतमबुद्धनगर में मिली। रिश्तेदार उसकी खोजबीन में निकले, लेकिन उन्हें भी कामयाबी नहीं मिली। जिसके चलते उसने थाने में 1 अप्रैल को गुमशुदगी दर्ज कराई। शिनाख्त के बाद पुलिस ने मां-बेटी के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसओ सांगीपुर ने बताया कि मां-बेटी की मौत का राज पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही पता चलेगा। हर बिंदुुुओं पर छानबीन की जा रही है।
हत्या-आत्महत्या में उलझी मां-बेटी की मौत की कहानी
घर से दूर सई नदी में मां-बेटी की लाश मिलने के बाद पुलिस छानबीन में जुट गई। दोनों शव पूरी तरह से फूले हुए थे। छानबीन के दौरान पुलिस हत्या व आत्महत्या में उलझी रही। पति से पूछताछ के बाद पुलिस दूसरे कारणों पर खोजबीन कर रही है। पत्नी व बेटी की लाश देख मनोज बेसुध नजर आया। पुलिस भी यह मान रही है कि हत्या के बाद दोनों शव नदी में फेंके गए होंगे या फिर सई नदी में कूदकर बेटी के साथ पूनम ने खुदकुशी कर ली। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।
पहले भी घर छोड़कर गायब हुई थी पूनम
सांगीपुर के सिंघनी निवासी पूनम व उसकी मासूम बेटी का शव सई नदी में मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सिंघनी गांव के लोग भी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस की मानें तो पूनम पहले भी घर छोड़कर गायब हो चुकी थी। हालांकि बाद में वह लौट आई थी। इस बार बेटे को घर पर छोड़कर गई थी। केवल मासूम बेटी को अपने साथ ले गई थी। चर्चा है कि वह दिल्ली में रहने वाले किसी करीबी के पास गई थी, लेकिन उसने उसे ठुकरा दिया। जिसके बाद उसने आत्मघाती कदम उठा लिया या फिर किसी ने दोनों की हत्या कर शव नदी में फेंक दिया।