सोमवार को आरओ और एआरओ अपने-अपने पंडाल में पहुंचकर लाउडस्पीकर, कंप्यूटर सहित सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त करने में जुटे रहे। सुबह आठ बजे से प्रारंभ होने वाली मतगणना का रुझान साढ़े आठ बजे से आना प्रारंभ हो जाएगा। कंट्रोल यूनिट से होने वाले मतों की गणना करना काफी आसान होगा। अफसरों की मानें तो पहले राउंड में आधे घंटे का समय लग सकता है, मगर इसके बाद की गणना में दस से बारह मिनट का समय लगेगा।
रामपुर खास और सदर विधानसभा की गणना पहले होगी। अगर किसी तरह का अवरोध उत्पन्न न हुआ, तो दोपहर 12 बजे तक परिणाम आ जाएगा और दो बजे तक प्रत्याशी को प्रमाणपत्र मिल जाएगा। रामपुर खास की गणना 15, सदर की 17, पट्टी , रानीगंज की गणना 18-18 राउंड और विश्वनाथगंज की मतगणना 19 राउंड़ में पूरी होगी।
कर्मचारियों को सुबह छह बजे का दिया गया समय
मतगणना कार्मिकों को सुबह छह बजे बुलाया गया है। इससे साफ है कि दो घंटे पहले आने वाले कर्मचारियों को अभिकर्ताओं के आने का इंतजार रहेगा। मतगणना के लिए 778 कर्मचारियों को प्रशिक्षित किया गया है। इसमें से सात सौ कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जाएगी, जबकि दस प्रतिशत कर्मचारियों को रिजर्व में रखा जाएगा।
कंट्रोल रूम भेजेगा चुनाव आयोग को रिपोर्ट
विधानसभाओं के आरओ प्रत्येक राउंड की गणना की सूची मंडी परिषद में बने कंट्रोल रूम में मुहैया कराएंगे। कंट्रोल रूम ही चुनाव आयोग को मतगणना की प्रगति की रिपोर्ट देने के साथ ही रुझान की जानकारी सार्वजनिक करेगा। इसके लिए भारी संख्या में फोर्स और अफसरों की तैनाती की गई है।
मोबाइल लेकर नहीं घुस पाएंगे सकेंगे कर्मचारी और अभिकर्ता
प्रत्याशियों के अभिकर्ताओं और मतदान कार्मिकों के मोबाइल लेकर अंदर घुसने पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। इससे वह गणना स्थल से प्रत्याशियों और करीबियों को रुझान की जानकारी नहीं दे पाएंगे।
पोस्टल बैलेट की पहले होगी गणना
जिले के 2883 पोस्टल बैलेट की गणना पहले प्रारंभ की जाएगी। पोस्टल बैलेट के लिए अलग से टेबल लगाई गई है। पोस्टल बैलेट के मतों की गणना के लिए कर्मचारियों की अलग से तैनाती की गई है।
निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतगणना कराने के लिए सभी तैयारियां पूरी हो गई हैं। सुबह छह बजे कर्मचारियों को पहुंचने को कहा गया है। आठ बजे से मतगणना प्रारंभ हो जाएगी। - त्रिभुवन विश्वकर्मा, उप जिला निर्वाचन अधिकारी