अस्पताल के गेट पर जाम लगाकर नारे बाजी
- फोटो : प्रतापगढ़
एंटीरैबीज का इंजेक्शन लगवाने आए लोगों ने इंजेक्शन न लगने पर जमकर हंगामा काटा। करीब एक घंटे तक जिला अस्पताल के गेट पर जाम लगाकर नारे बाजी करते रहे। इससे जाम लगा रहा। पुलिस ने समझा बुझाकर मामले को शांत कराया।
बीते चार माह से सीएचसी और पीएचसी में एंटीरैबीज इंजेक्शन का टोटा है। सीएमओ के बारबार इंडेन भेजने के बाद बावजूद शासन एंटीरैबीज इंजेक्शन मुहैया नहीं करा रहा है। ग्रामीणांचल के लोग परेशान होकर जिला अस्पताल पहुंच रहे थे। बीते सप्ताह भर से यहां भी इंजेक्शन खत्म हो गया है
।शुक्रवार सुबह सात बजे के करीब चार सौ लोग इंजेक्शन लगवाने के लिए जिला अस्पताल आए थे। दस बजे के करीब में पता चला कि इंजेकशन खत्म हो गया है और किसी को नहीं लगेगा। जिसे लेकर लोग नाराजगी जताते हुए सीएमएस व सीएमओ के पास पहुंचे।
लोगों का आरोप है कि सीएमएस व सीएमओ ने कहा कि वे ठेका नहीं ले रखे हैं। शासन एंटीरैबीज का इंजेक्शन यदि मुहैया कराता है तो वे लोगों को लगवाएंगे। इससे नाराज लोगों ने हंगामा करते हुए जिला अस्पताल गेट पर जाम लगाकर नारे बाजी शुरू कर दी। करीब एक घंटे बाद पहुंची पुलिस ने किसी तरह लोगों को समझा बुझाकर जाम खत्म कराया।