नगर पालिका के सफाईकर्मियों की करतूत के चलते राहगीरों को बजबजाती गंदगी से होकर गुजरना पड़ा। लोगों की शिकायत पर ईओ ने सफाईकर्मियों को फटकार लगाई। इसके बाद सड़क से मलबा हटाया जा सका। शहर के स्टेट बैंक के सामने नगर पालिका का कूड़ा डंपिंग प्वाइंट है। वहां पर मंगलवार को एकत्र किया गया कूड़ा सफाईकर्मियों ने मनमाने तरीके से उठाया। इससे डंपिंग प्वाइंट से लेकर सड़क तक मलबा फैल गया। बारिश के चलते गंदगी सड़क पर बजबजाती रही।
नगर पालिका कर्मियों की मनमानी के कारण सड़क तक फैले कूड़े के चलते राहगीरों को पैदल चलना दूभर हो गया। कई लोग तो बाइक से फिसलकर गिरे और घायल हो गए। जब लोगों ने सफाईकर्मियों की मनमानी की शिकायत ईओ नगर पालिका से की। तब जाकर ईओ ने मातहतों को फटकार लगाई। इसके बाद सफाईकर्मी मलबा हटाने पहुंच गए। बारिश के बाद अधिकांश मोहल्लों में सफाई व्यवस्था नाममात्र की हो रही है। गंदगी हर ओंर बजबजा रही है। शिकायतों को न तो सफाईकर्मी सुन रहे हैं और न ही सुपरवाइजर। इससे लोगों को तमाम दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।