समूचे विश्व में भारत का डंका बज रहा है। आज प्रधानमंत्री के 70वें जन्मदिवस पर हम पूरा देश उनके दीर्घायु होने की कामना कर रहा है। हम भाग्यशाली हैं कि देश को ऐसा प्रधानमंत्री मिला है। यह बातें प्रदेश के कैबिनेट मंत्री राजेंद्र प्रताप सिंह मोती सिंह ने गुरुवार को ब्लाक सभागार में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान कहीं।
काबीना मंत्री ने पीएम के जन्मदिन पर केक काटने के साथ ही सत्तर दिव्यांगों को ट्राईसाइकिल समेत अन्य उपकरण वितरित किए।
कैबिनेट मंत्री मोती सिंह ने विपक्षी दलों को को निशाने पर लेते हुए कहा कि उनका काम केवल सरकार की आलोचना करना है।
कोरोना जैसी वैश्विक महामारी में भी देश व प्रदेश की सरकारों ने गरीबों तक उनका निवाला पहुंचाने का काम किया है। यहां तक कि पशुओं के चारे का भी इंतजाम सरकार द्वारा किया गया।
इस वैश्विक महामारी में किसी गरीब की मौत न हो सके, इसके लिए सांसद और विधायक निधि समेत अन्य मदों से धन एकत्र कर स्वास्थ्य सेवाओं के लिए बेहतर इंतजाम किए गए। संकट के इस दौर में भी देश व प्रदेश की सरकार ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ भ्रष्टाचारियों पर शिकंजा कसने तथा बिजली, पानी, सड़क जैसी मूलभूत सुविधाओं को आगे बढ़ाने का काम किया है।
कैबिनेट मंत्री ने सहकारी बैंक द्वारा एनबीसीएफडीसी योजना के तहत महज पांच प्रतिशत की ब्याज दर पर लोगों को ऋण उपलब्ध कराने के चेक वितरित किए। इस मौके पर भाजयुमो जिला अध्यक्ष रवि गुप्ता, ब्लाक प्रमुख राकेश सिंह, एसडीएम डीपी सिंह, तहसीलदार विनोद गुप्ता, अवधेश सिंह, खेदनछलाल जायसवाल, जुग्गीलाल जायसवाल, सतीश सिंह, अर्जुन सिंह, मंडल अध्यक्ष जितेंद्र सिंह, प्रधान कमला तिवारी आदि मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन भाजपा के जिला उपाध्यक्ष अशोक श्रीवास्तव ने किया।