शनिवार रात गायघाट के समीप सड़क हादसे में एक सेल्समैन की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। हादसे की खबर घर पहुंचते ही कोहराम मच गया।
नगर कोतवाली के पूरे केशवराय गांव निवासी आविद (25) पुत्र शेर अली कानपुर बूट हाऊस में सेल्समैन के पद पर काम करता था।
शनिवार की रात करीब आठ बजे वह अपने साथी अनूप सिंह (32) पुत्र इन्द्रभवन निवासी चौरा अंतू के साथ बाइक से घर जा रहा था। गायघाट के समीप पूरे केशवराय गांव के पास किसी वाहन की टक्कर से दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें सड़क किनारे खून से लथपथ देख कर राहगीरों ने गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने आविद को मृत घोषित कर दिया। अनूप सिंह का प्राथमिक उपचार करके इलाहाबाद रेफर कर दिया। हादसे की खबर आविद के घर पहुंचते ही कोहराम मच गया। रोते बिलखते परिजन अस्पताल पहुंच गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।