शहर में सड़कों पर बजबजाती गंदगी। कूड़े के ढेर और पूरे शहर में धूल का गुबार। सबकुछ ठीकठाक रहा तो जल्द ही इन मुसीबतों से मुक्ति मिल जाएगी। शहर नए लुक में नजर आएगा। साफ-सफाई के लिए भी अलग से इंतजाम किए जाएंगे। नगर पालिका के अधिकारियों ने इसके लिए मसौदा तैयार कर मंजूरी के लिए शासन के पास भेज दिया है। वहां से हरी झंडी मिलते ही इस पर काम शुरू करा दिया जाएगा।
नगर पालिका की सड़कों व शहर की बदतर हालत से सभी वाकिफ हैं। प्रमुख मार्गों की दशा भी ठीक नहीं है। इस समस्या को देखते हुए नगर पालिका ने एक प्लान तैयार किया है। जिसमें शहर की प्रमुख सड़कों को धूल से मुक्त रखने के साथ मोहल्ले की साफ-सफाई का खाका बना है। मसौदे को शासन के पास भेज दिया गया है। अनुमति मिलने के बाद काम शुरू किया जाएगा। मसौदे में सड़कों की पटरियों को इंटरलाकिंग करने की योजना है। इसके अलावा उसे साफ सुथरा रखने के लिए दुकानदारों के साथ ही मोहल्ले के लोगों की भी मदद ली जाएगी। नगर पालिका के ईओ अवधेश यादव ने बताया कि आला अधिकारियों की सहमति के बाद शहर को साफ सुथरा बनाने के लिए शासन को पत्र भेजा गया है। मंजूरी मिलते ही शहरवासी अपने नगर पालिका क्षेत्र को नए लुक में देख सकेंगे।
नगर पालिका के अधिशाषी अधिकारी अवधेश यादव ने बताया कि शहर को नया रूप देने के लिए अंबेडकर चौराहे से लेकर मीराभवन तक नाला निर्माण कराया जाएगा। इस मार्ग पर जलनिकासी की ठोस व्यवस्था नहीं है। चूंकि इसी मार्ग पर रोडवेस बस डिपो है। इसलिए सड़क की पटरियों की इंटरलाकिंग होगी। इस बार दूसरी ईंट का प्रयोग किया जाएगा। ताकि पटरी नए लुक में दिख सके। इसके लिए अधिकारियों ने अनुमति भी दे दी है।