बाइकों की टक्कर में घायल महिला को अस्पताल लेकर पहुंचे परिजन।
- फोटो : pratapgarh
दो बाइकों की आमने-सामने हुई भिड़ंत में भाई की जान चली गई, जबकि बहन गंभीर रूप से घायल हो गई। वहीं, दूसरी बाइक पर सवार दो युवक भी गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को प्रयागराज रेफर किया गया है। बाइक पर सवार किसी भी शख्स ने हेलमेट नहीं पहना था।
आसपुर देवसरा थाना क्षेत्र के गोदलपट्टी निवासी राम प्रेम (55) मंगलवार दोपहर अपनी बड़ी बहन सुंदरी देवी (62) पत्नी संतराम निवासी रमगढ़ा थाना देवसरा को उसके घर पहुंचाने के लिए बाइक से निकले।
अमरगढ़-तेलियानी मार्ग पर गोदलपट्टी मोड़ के पास सामने से आ रहे बाइक ने रामप्रेम की बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक पर सवार लोग दूर जा गिरे। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण राम प्रेम की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। जबकि सुंदरी देवी व दूसरी बाइक पर सवार रोहित (25) पुत्र रामकुमार निवासी उदईशाहपुर व विजय (35) निवासी कोठियाही थाना देवसरा गंभीर रूप से घायल हो गए।
सभी को अमरगढ़ सीएचसी ले जाया गया। वहां से तीनों की हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने जिला अस्पताल भेज दिया। उपचार के बाद डॉक्टरों ने गंभीर रूप से घायल रोहित, सुंदरी देवी को उपचार के लिए प्रयागराज रेफर कर दिया। राम प्रेम की मौत की खबर मिलते ही घर में कोहराम मच गया। परिवार के लोग रोते बिलखते जिला अस्पताल पहुंचे।