गड़वारा विद्युत उपकेंद्र स्थित मेन ट्रांसफार्मर शनिवार को जवाब दे गया। इससे पूरे उपकेंद्र की बिजली व्यवस्था ध्वस्त हो गई। उपकेंद्र से जुड़े 200 गांवों की बत्ती गुल हो गई है।
शनिवार को आपूर्ति बाधित होने से लोगों को दिनभर उमसभरी गर्मी में परेशान होना पड़ा। विभाग की मानें तो अब नया ट्रांसफार्मर स्थापित कर आपूर्ति बहाल की जाएगी।
करीब चार दिन से गड़वारा उपकेंद्र में बिजली व्यवस्था बदहाल चल रही थी। कभी ब्रेक डाउन तो कभी मेन ट्रांसफार्मर में खराबी आ रही थी। इससे घंटों आपूर्ति बाधित हो जा रही थी। विद्युतकर्मी जैसे-तैसे आपूर्ति करा रहे थे।
लेकिन शनिवार को उपकेंद्र का मेन ट्रांसफार्मर जवाब दे गया। सुबह ट्रांसफार्मर में तेज आवाज हुई और रामनगर, गड़वारा, राजापुर सहित तीनों फीडर की आपूर्ति ठप हो गई।
कर्मचारियों ने मशक्कत कर फीडर पर लोड देने का प्रयास किया, लेकिन हर बार फ्यूज उड़ जा रहा था। इंजीनियरों की टीम ने चेकिंग के बाद बताया कि मेन ट्रंासफार्मर खराब हो चुका है।
उधर, करीब तीन से चार घंटे की कटौती से आक्रोशित ग्रामीण उपकेंद्र पर पहुंचे तो ट्रांसफार्मर की खराब होने की जानकारी मिली। उपकेंद्र के कर्मचारियों ने रविवार तक समस्या दूर होने की बात कही है।