नगर कोतवाली के बिहारगंज बाजार में मंगलवार सुबह करीब नौ बजे मामूली विवाद के बाद जमकर बवाल हुआ। इसके बाद मिठाई दुकानदार व चचेरे भाई को गोली मार दी गई। बीच बचाव करने दौड़े परिजनों पर भी हमला किया गया। लाठी-डंडे के साथ पथराव भी हुआ। दिनदहाड़े फायरिंग से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। वहीं, पुलिस ने दो अलग-अलग स्थानों से तीन आरोपियों को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। घायलों को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। वहीं, घटना स्थल पर एसपी भी पहुंचे और मौका-मुआयना किया।
नगर कोतवाली के बिहारगंज बाजार में सोमवार की रात ई- रिक्शा चालक और हार्डवेयर दुकानदार मस्सन के भाई सोनू के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विवाद सुलझाने के दौरान मिठाई कारोबारी मुकेश जायसवाल ( 30) व सोनू के बीच विवाद हो गया था। विवाद इतना बढ़ा कि पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा। मंगलवार को सोनू दुकान पर काम करने वाले के साथ पहुंचा। दुकान खोलते ही मुकेश से कहासुनी करने लगा। देखते ही देखते दोनों के बीच मारपीट हो गई। घटना की जानकारी मिलने पर बाइक व बोलेरो से करीब दर्जन भर लोग पहुंच गए।