फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

प्रतापगढ़: एएनएम के टीका लगाने के बाद बच्चे की मौत, मुकदमा दर्ज

विज्ञापन
महेशगंज थाना क्षेत्र के शकुलपुर में जाम लगाए ग्रामीण। - फोटो : PRATAPGARH
विज्ञापन
परिजनों के गलत इंजेक्शन लगाने की शिकायत पर पुलिस ने एएनएम के खिलाफ केस दर्ज कर लिया। गुरुवार की शाम पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचने पर परिजनों ने ग्रामीणों के साथ चौराहे पर शव रखकर जाम लगा दिया। सूचना पर सीओ सदर सहित भारी संख्या में पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया। बाद में डंडा पटककर सभी को वहां से हटाया गया।
विज्ञापन

महेशगंज थाना क्षेत्र के खुशिहाल का पुरवा मजरे नरियावां गांव निवासी शोभनाथ सरोज के पुत्र शनि (8 माह) को राजापुर की एएनएम मिथलेश कुमारी ने बुधवार को टीका (पेंटा) लगाया था।

इंजेक्शन लगाते ही बच्चे की तबियत खराब होने लगी। परिजन बच्चे को इलाज के लिए अस्पताल ले गए, लेकिन गुरुवार की सुबह उसकी मौत हो गई। इसकी जानकारी होने पर घरवालों में चीखपुकार मच गई।
विज्ञापन


इधर, परिजन एएनएम पर गलत इंजेक्शन लगाने का आरोप लगाने लगे। इस पर पुलिस ने पिता शोभनाथ की तहरीर पर एएनएम मिथलेश कुमारी के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया। सीएचसी अधीक्षक महेशगंज डा. सौरभ सिंह ने बताया कि वही टीका एएनएम ने करीब आधा दर्जन बच्चों को भी लगाया था। दूसरे बच्चे पूरी तरह से स्वस्थ हैं।


बच्चे की मौत का कारण इंजेक्शन नहीं है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही कारण स्पष्ट हो सकेगा। इधर, गुरुवार की शाम बच्चे का शव घर पहुंचा तो परिजनों में आक्रोश फैल गया। एएनएम की गिरफ्तारी की मांग करते हुए परिजन व ग्रामीण शव को लेकर शुकुलपुर चौराहे पर पहुंचे और चक्काजाम कर दिया। कुंडा-जेठवारा मार्ग जाम होने की सूचना मिलते ही महेशगंज पुलिस के साथ ही सीओ सदर तनु उपाध्याय मौके पर पहुंच गईं।
काफी समझाने के बाद भी ग्रामीण मौके से हटने को तैयार नहीं हुए। इस पर पुलिस ने डंडा पटककर लोगों को दौड़ाया तो जाम खत्म हुआ। इस दौरान सीओ सदर ने ग्रामीणों व परिजनों को एएनएम की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया। इस पर परिजन शव लेकर गांव चले गए।
 

सीओ की समझदारी से बचा बड़ा बवाल

महेशगंज के शुकुलपुर चौराहे पर शव रखकर ग्रामीणों ने जाम लगा दिया। इसकी सूचना सीओ सदर तुरंत मौके पर पहुंचीं। उन्होंने परिजनों को बुलाकर उनकी बातें सुनीं। इसके साथ ही उन्हें एएनएम की गिरफ्तारी का आश्वासन भी दिया। बावजूद इसके कुछ उपद्रवी वहां से लोगों को जाने से मना कर रहे थे। इस पर उन्होंने ऐसे उपद्रवियों पर कार्रवाई करने की बात कहते उन्हें वहां से हटाने की बात कही। बाद में उन्होंने परिजनों को समझाया कि पुलिस इस मामले में निश्चित ही कार्रवाई करेगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें