4 सुपर जोन व 8 जोन में सदर विधानसभा को बांटा
तीन एएसपी, 8 सौ सिपाही, 2 हजार होमगार्ड भी होंगे तैनात
प्रतापगढ़। सदर विधानसभा के उपचुनाव को लेकर प्रशासन अपनी तैयारी पूरी कर चुका है। पूरे विधानसभा क्षेत्र को 4 सुपर जोन, 8 जोन और 24 सेक्टर में बांटा गया है। सात कंपनी अर्द्घसैनिक बलों के कंधे पर सकुशल चुनाव कराने की जिम्मेदारी है। मतदान केंद्र के अलावा बाहर सुरक्षा व्यवस्था की कमान पुलिस बल के हवाले रहेगा। चुनाव में तीन एएसपी, आठ सौ सिपाही और दो हजार होमगार्ड भी तैनात होंगे।
सदर विधानसभा चुनाव कराने के लिए पुलिस प्रशासन की तैयारी पूरी हो गई है। चुुनाव सकुशल कराने के लिए सात कंपनी अर्द्घसैनिक बल के जवान मतदान केंद्रों पर मौजूद रहेंगे। मतदान केंद्रों के बाहर निगाह रखने के लिए तीन एएसपी, 3 सीओ, 10 निरीक्षक, 120 दरोगा, 60 मुख्य आरक्षी, 8 सौ आरक्षी और 8 1760 होमगार्ड लगाए गए हैं। जबकि मतदान केंद्रों पर अर्द्घसैनिक बल के जवानों के साथ 38 निरीक्षक, 198 उपनिरीक्षक, 218 मुख्य आरक्षी, 8 सौ आरक्षी और 240 होमगार्ड के कंधों पर सुरक्षा की जिम्मेदारी रहेगी। चार कंपनी पीएसी भी आ गई है। जो कानून व्यवस्था और मतदान केंद्रों का लगातार चक्रमण कर हालात पर नजर रखेंगे। पुलिस अधीक्षक अभिषेक सिंह ने बताया कि चुनाव क्ष्ज्ञेत्र को 4 सुपर जोन, 8 जोन, 24 सेक्टर, 40 पिकेट बनाए गए हैं। सीमा पर 40 बैरियर भी लगे रहेंगे। जहां मौजूद पुलिसकर्मी आने जाने वाले लोगों पर नजर रखेंगे। आठ जोनल क्यूआरटी भी भ्रमणशील रहेगी। मतदेय स्थलों पर स्थानीय पुलिस के साथ अर्द्घसैनिक बल के जवान मौजूद रहेंगे।
पुलिस फोर्स को पढ़ाया अनुशासन का पाठ
मतदान को लेकर शनिवार को पुलिस लाइन में गैर जनपदों से आई पुलिस व पैरामिलेट्री फोर्स को पुलिस अधीक्षक अभिषेक सिंह ने अनुशासन का पाठ पढ़ाया। शांति व निष्पक्षता के साथ मतदान कराने के तरीके बताए। चुनाव ड्यूटी का परिचय पत्र लेने के लिए पुलिसकर्मी चुनाव कार्यालय में डटे रहे।
250 लोगों को थमाया लाल कार्ड
नगर कोतवाल ने बताया कि उपचुनाव में गड़बड़ी करने की आशंका वाले लोगों को लाल कार्ड थमाया जा रहा है। जो मतदान करने के बाद बूथ पर नहीं रहेंगे। यदि वे चुनाव के दौरान मतदान केंद्रों पर मिलते हैं तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। मतदान के दौरान लोग अपने वाहन से मतदेय स्थल पर आ जा सकते हैं।
एक नजर सदर विधानसभा उपचुनाव पर
कुल मतदाता 3,36,407
पुरुष 1,81,407
महिला 1,55,579
थर्ड जेंडर 01
मतदेय स्थल 368
मतदान केंद्र 212
संवेदनशील मतदान केंद 131
मोबाइल टीम भी रहेगी भ्रमण पर
सदर विधानसभा का उपचुनाव कराने के लिए गैरजनपदों की पुलिस भी पहुंची है। चुनाव के दौरान मोबाइल टीमें लगातार चक्रमण करती रहेंगी। टीम के साथ अर्द्घसैनिक बल के जवानों को भी लगाया गया है। जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेट के साथ भी पुलिसकर्मी मौजूद रहेंगे। नोडल अधिकारी एएसपी पश्चिमी दिनेश कुमार द्विवेदी ने बताया कि 108 संवेदनशील, 17 क्रिटिकल व 6 मतदान केंद्र वर्नेबल चिंहित किए गए हैं। बूथों पर तैनात फोर्स बराबर जानकारी अधिकारियों को देती रहेगी। मतदान के दौरान गड़बड़ी की शिकायत मिलने पर इलाके में भ्रमण करने वाली मोबाइल टीम मौके पर पहुंचेगी।
पुलिस लाइन में सफल चुनाव कराने को आयोजित बैठक में जुटे पुलिस व अर्द्ध सैनिक बल के अधिकारी।- फोटो : PRATAPGARH