चिलबिला में सप्ताह भर से सप्लाई का पानी न मिलने से नगरपालिका के पहुंचे ट्रैंकर से पानी लेते लोग।
- फोटो : PRATAPGARH
मोटर की खराबी के चलते चिलबिला बाजार में पानी के लिए हाहाकार मचा है। पांच दिनों से मोटर खराब है, मगर सूचना के बाद भी विभागीय अधिकारी अनजान बने हैं। इसे लेकर लोगों में गहरा आक्रोश है।
चिलबिला बाजार में घर-घर पानी की सप्लाई के लिए ओवरहेड टैंक स्थापित किया गया है। पांच दिन पहले इसकी मोटर जल गई। इससे बाजार की आपूर्ति ठप हो गई।
स्थानीय लोगों ने इसकी शिकायत संबंधित अधिकारी से की, मगर समस्या दूर नहीं हो सकी। इससे बाजार में पेयजल संकट खड़ा हो गया है। लोग हैंडपंप व टैंकर के सहारे हैं। शुक्रवार को पानी का टैंकर बाजार पहुंचा तो लोग बाल्टी लेकर दौड़ पड़े।
पानी के लिए जमकर धक्का-मुक्की हुई। टैंकर का पानी खत्म होने पर लोगों ने हैंडपंप का सहारा लिया। एलायंस क्लब के इंटरनेशनल एडवाइजर रोशनलाल ऊमरवैश्य ने जिलाधिकारी को इस समस्या से अवगत कराते हुए जल्द समस्या से निजात दिलाने की मांग की है।