जलपान के दौरान बच्चों के बीच हुए विवाद को लेकर बाराती और घराती भिड़ गए। जमकर मारपीट हुई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को शांत कराया। तनातनी को देखते हुए पुलिस ने अपनी मौजूदगी में शादी की रस्में पूरी कराईं।
पट्टी कोतवाली क्षेत्र के मकरा मनभवना निवासी जवाहरलाल की बेटी संजू की रविवार की रात सुल्तानपुर के लंभुआ थाना क्षेत्र के अवसानपुर से बारात आई थी। बारात पहुंचने पर लड़की पक्ष के लोग बारातियों को जलपान कराने लगे। डीजे पर बाराती डांस कर रहे थे। द्वारपूजा की तैयारी चल रही थी। इस बीच नशे में धुत बाराती जलपान करा रहे बच्चों से गालीगलौज करने लगे। जिसे लेकर विवाद होने लगा।
देखते ही देखते बारातियों ने कुर्सी और चारपाई तोड़ना शुरू कर दिया। लड़की के घरवाले पहुंचे तो बाराती उनसे भिड़ गए। मारपीट होने से भगदड़ मच गई। नशे में तांडव कर रहे बारातियों की जमकर पिटाई हुई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस पहुंच गई। जिसे देख बवाल करने वाले बाराती भाग निकले। तनाव के चलते पुलिस की मौजूदगी में विवाह की रस्में पूरी कराई गईं। सुबह विदाई के बाद ही पुलिस वहां से हटी।