प्रधान डाकघर के सामने बंद पड़ा युनाइटेड बैंक आफ इंडिया का एटीएम बूथ।
- फोटो : PRATAPGARH
दो दिनों तक बैंककर्मियों की हड़ताल के बाद रविवार को छुट्टी से गहराया संकट
नगदी के लिए दिनभर उपभोक्ता एटीएम पर लगाते रहे चक्कर, मिली निराशा
प्रतापगढ़। दो दिनों तक चली बैंककर्मियों की हड़ताल और फिर रविवार को छुट्टी होने के चलते जिले के एटीएम भी जवाब दे गए। रविवार को शहर के अधिकांश एटीएम खाली पड़े रहे। नगदी के लिए उपभोक्ता दिनभर चक्कर लगाते रहे। लोग एक से दूसरे एटीएम पर चक्कर काटते रहे, लेकिन उन्हें निराशा ही हाथ लगी।
मांगों को लेकर 31 जनवरी व 1 फरवरी को जिले के सभी राष्ट्रीयकृत बैंकों के कर्मचारी हड़ताल पर रहे। कार्य बहिष्कार कर आवाज बुलंद की। इस दौरान बैंक तो खुले रहे, मगर कामकाज ठप रहा। हड़ताल के चलते एटीएम में रुपये भी नहीं डाले जा सके। दो दिन तक लगातार निकासी होने के बाद रविवार को शहर के लगभग सभी एटीएम खाली हो गए। रविवार को अवकाश होने से बैंक नहीं खुले। इससे लोगों की परेशानी बढ़ गई। नगदी का संकट खड़ा हो गया। लोग नगदी के लिए एटीएम बूथों का चक्कर लगाते रहे। शहर के बाबागंज में बैंक आफ बड़ौदा, राजापाल टंकी स्थित आईसीआईसीआई, डाकघर के पास स्थित यूनाइटेड बैंक आफ इंडिया, कचहरी के समीप स्थित एचडीएफसी बैंक सहित अधिकांश एटीएम बूथ खाली थे। सिर्फ स्टेट बैंक के एटीएम से रुपये की निकासी हो रही थी। इससे लोगों को काफी परेशान होना पड़ा।