रामलला के दर्शन को अयोध्या जाने वाले यात्रियों का सफर अब और आसान होगा। ग्रीन फील्ड कॉरिडोर के तहत करीब 10 हजार करोड़ रुपये की लागत से प्रतापगढ़ से अयोध्या के बीच 93 किमी सिक्सलेन हाईवे के निर्माण के प्रस्ताव को शासन ने मंजूरी दे दी है।
प्रतापगढ़ के अहमामऊ से अयोध्या के नाका तक हाईवे लोक निर्माण विभाग के अधीन है। हालांकि इस कॉरिडोर का निर्माण एनएचएआई अयोध्या की ओर से किया जाएगा। शासन ने लोक निर्माण विभाग की जिम्मेदारी एनएचएआई अयोध्या को सौंपी है।
बता दें कि जनपद में करीब 22 किमी हिस्सा सिक्सलेन में शामिल होगा। पट्टी तहसील के 29 और सदर तहसील के तीन गांवों से होकर गुजरने वाले ग्रीन फील्ड कॉरिडोर के बनने से लोगों को सहूलियत होगी। इस कॉरिडोर से ग्रामीण क्षेत्रों के विकास को भी रफ्तार मिलेगी। किसानों से भूमि अर्जन के लिए राजस्व विभाग ने विस्तृत कार्य योजना तैयार की है।
वर्ष 2025 में हाईवे को सिक्सलेन करने की कार्य योजना तैयार कर रिपोर्ट शासन को भेजी गई थी। ग्रीन फील्ड कॉरिडोर विकसित होने पर अयोध्या जाना सुलभ होगा। इससे महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश, गुजरात, पश्चिम बंगाल, ओडिशा व दक्षिण भारत से आने वाले श्रद्धालुओं को सहूलियत होगी।