घर से बहलाकर ले जाई गई दलित किशोरी को बरामद करने पहुंची पुलिस पर ग्रामीणों ने हमला बोल दिया। महिला आरक्षी समेत सिपाहियों को पीट दिया। बोलेरो से खींचकर पिस्टल व रुपये से भरा पर्स छीनकर सभी को बंधक बना लिया।
ग्रामीणों ने पुलिस अभिरक्षा से किशोरी व आरोपी को बोलेरो से निकालकर भगा दिया। सूचना पर शहर कोतवाल भारी फोर्स के साथ पहुंचे। पुलिसकर्मियों को आजाद कराने के बाद बवाल में शामिल छह ग्रामीणों को कोतवाली उठा लाए। जहां सभी को छुड़ाने के लिए भाजपा के नेताओं ने कोतवाली में डेरा डाल दिया।
नगर कोतवाली के सरायदली बेनीपुर निवासी सुरेंद्र कुमार की बहन को सोमवार की शाम भुभुआर का रहने वाला तुलसीराम कुछ लोगों की मदद से बहलाकर अपने घर ले गया था। इसकी शिकायत सुरेंद्र ने पुलिस से की। पुलिस ने तुलसीराम, प्रदीप के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर किशोरी व आरोपी की तलाश शुरू कर दी। मंगलवार दोपहर किशोरी की लोकेशन भुभुआर के तुलसीराम के घर पर मिली।
इस बात की जानकारी होने पर सुरेंद्र के साथ चिलबिला चौकी पर तैनात आरक्षी जागीर सिंह, भुल्लूराम, भीम व कोतवाली की महिला आरक्षी गायत्री किशोरी को बरामद करने के लिए प्राइवेट बोलेरो से भुभुआर पहुंची। जागीर को छोड़कर सभी पुलिसकर्मी वर्दी में थे। पुलिसकर्मियों ने तुलसीराम के घर से किशोरी को बरामद कर लिया।
भाग रहे तुलसीराम व एक अन्य युवक को भी पकड़ लिया। पुलिसकर्मी किशोरी व आरोपी को लेकर बोलेरो में बैठ गए। तभी दलित बस्ती के लोगों ने शोर मचा दिया। पलक झपकते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंच गए और बोलेरो को घेर लिया। पुलिसकर्मियों को जबरन बाहर निकाला और किशोरी व आरोपी को बोलेरो से निकालकर भगा दिया। प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो ग्रामीणों ने सभी सिपाहियों को पीट दिया।
सिपाही जागीर सिंह की पिस्टल व 21 हजार रुपये, एटीएम कार्ड से भरा पर्स छीन लिया। पुलिसकर्मियों को बंधक बना लिया। हालांकि कुछ देर बाद छीनी गई पिस्टल पूर्व प्रधान के भाई ने लौटा दी। मौका पाकर आरोपी युवक किशोरी को लेकर निकल गया। पुलिसकर्मियों पर हमले की खबर मिलते ही नगर कोतवाल दलबल के साथ पहुंचे।
अधिकारियों के आदेश पर रानीगंज व फतनपुर थानाध्यक्ष भी मौके पर पहुंचे। बंधक बनाए गए पुलिसकर्मियों को आजाद कराने के बाद हमले में शामिल आधा दर्जन लोगों को हिरासत में लेकर पुलिस कोतवाली आ गई। एसपी एस आनंद ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। आरोपियों को चिह्नित कर लिया गया है।