गुणवत्ता की जांच के लिए बनाई जाए अफसरों की टीम
डीएम ने 89 परियोजनाओं की समीक्षा की
अमर उजाला ब्यूरो
प्रतापगढ़। डीएम मार्कण्डेय शाही ने जिले में 50 लाख रुपये से अधिक लागत की 89 परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए गुणवत्ता की जांच के लिए अफसरों की टीम बनाने को कहा है। उन्होंने सभी कार्यदायी संस्थाओं को कार्य पूरा करने के लिए समय सीमा निश्चित करने को कहा है।
मंगलवार को कैंप कार्यालय में समीक्षा बैठक करते हुए कार्यदायी संस्थाओं को सावधान किया कि चुनाव खत्म हो गया है, अब निर्माण कार्यों में अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि अगर किसी परियोजना पर कोई विवाद है तो एसडीएम के साथ बैठकर उसका तुरंत निस्तारण कर लिया जाए। निर्माणाधीन कार्यों की जांच के लिए अफसरों की टीम बनाई जाए, जो नियमित रूप से निर्माण कार्यों के मानक की जांच करती रहे। डीएम ने कहा कि जिन कार्यों को पूर्ण करने के लिए बजट की आवश्यकता हो तो अविलंब प्रस्ताव बनाकर प्रस्तुत करें। बैठक में डीडीओ सुदामा प्रसाद, सीएमओ डॉ. अरविंद श्रीवास्तव, पीडी डीआर यादव प्रमुख रूप से मौजूद रहे।
पहले आने वालों को पहले मिलेगा लाभ
प्रतापगढ़ (ब्यूरो)। उद्यान विभाग की योजनाओं का लाभ उठाने के लिए आनलाइन रजिस्ट्रेशन अवश्य कराएं। अगर कोई किसान रजिस्ट्रेशन नहीं कराता है तो उसे विभाग की योजनाओं का लाभ नहीं मिलेगा। जिला उद्यान अधिकारी रणविजय सिंह ने बताया कि पहले आओ, पहले पाओ के तर्ज पर किसानों को योजनाओं का लाभ दिया जाता है।