जिले में कोरोना संक्रमण ने एक और व्यक्ति की जान ले ली। प्रयागराज में इलाज के दौरान कोरोना से संक्रमित आर्मी के सेवानिवृत्त जवान ने दम तोड़ दिया। वहीं शुक्रवार को जिले में 81 और लोग कोरोना की चपेट में आ गए।
इनमें 10 पुलिसकर्मी भी शामिल हैं। हथिगवां थाने के आठ पुलिसकर्मी संक्रमित मिले हैं। जिले में अब संक्रमितों की संख्या बढ़कर 2605 हो गई है। वहीं अब तक 35 लोगों की मौत हो चुकी है।
मानधाता के खरगपुर बोझी गांव निवासी 80 वर्षीय राज प्रताप सिंह आर्मी से सेवानिवृत्त थे। गुरुवार को अचानक उन्हें सांस लेने में दिक्कत होने लगी। परिवार के लोग उन्हें प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल ले गए।
जांच के बाद वह कोरोना पीड़ित मिले। चिकित्सकों ने वेंटिलेटर पर रखकर उनका इलाज शुरू कर दिया। देर रात दो बजे के करीब उन्होंने दम तोड़ दिया। राज प्रताप सिंह के बेटे नरेंद्र प्रताप सिंह पत्रकार हैं। उनकी मौत की जानकारी होने पर स्वास्थ्य विभाग ने परिवार के सभी सदस्यों की जांच की। सभी की रिपोर्ट निगेटिव आई है।
उधर, हथिगवां थाने में तैनात आठ पुलिसकर्मी कोरोना की चपेट में आ गए हैं। सांगीपुर थाने का एक पुलिसकर्मी भी संक्रमित मिला है। बीरापुर में एक बालक की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। शुक्रवार को एक युवक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गौरा में संक्रमित मिला। बोझी गांव में रिटायर फौजी की मौत के बाद लोगों की जांच की गई। प्रभारी चिकित्साधिकारी पीएचसी मानधाता डॉ. शादाब हुसैन की देखरेख में हुई। जांच में प्रधान समेत पांच लोग संक्रमित मिले। लालगंज क्षेत्र में पांच लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।
संक्रमित मिले सीएचसी के वार्ड ब्वॉय, हेल्थ सुपरवाइजर, पॉवर हाउस के एक कर्मचारी को कोविड अस्पताल भेजा गया है। सीएचसी बाबा बेलखरनाथधाम में 46 लोगों की एंटीजन जांच में एक बालक और एक अधेड़ की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। कुंडा में 14 लोग संक्रमित मिले हैं। रामपुर हथिगवां में एक, पूरे शाहकरम अली में एक, बसहीपुर जमेठी में एक, अस्पताल रोड पर एक, मोती का पुरवा बानेमऊ में एक, बड़ी चकिया में एक, बाघराय सीएचसी क्षेत्र के बाग का पुरवा गांव का एक युवक संक्रमित मिला।
सांगीपुर व्यापार मंडल अध्यक्ष की दोबारा तबीयत बिगड़ी, मौत
सांगीपुर व्यापार मंडल अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह कोरोना संक्रमित होने पर लखनऊ के एक अस्पताल में भर्ती कराए गए थे। रिपोर्ट निगेटिव आने पर उनको अस्पताल से छुट्टी मिल गई। दोबारा तबीयत खराब होने पर लखनऊ में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनका निधन हो गया। जिले में अब कोरोना संक्रमितों की संख्या बढकर 2605 हो गई है। अब तक 35 लोगों की जान जा चुकी है।