अग्निवीरों की भर्ती के विरोध में प्रदर्शन करते प्रतापगढ़ के युवा।
- फोटो : अमर उजाला।
सेना में अग्निवीरों की भर्ती की घोषणा के विरोध में बृहस्पतिवार को रानीगंज इलाके में सैकड़ों युवा सड़क पर उतर गए। हाथों में पोस्टर लिए युवा इस फैसले के विरोध में नारेबाजी कर रहे थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उन्हें दौड़ाकर पीटना शुरू कर दिया। जिससे भगदड़ मच गई। इस दौरान पुलिस ने आधा दर्जन युवकों को हिरासत में ले लिया। उनसे पूछताछ की जा रही है। प्रदर्शन में शामिल होने के लिए प्रयागराज के युवक भी पहुंचे थे। पुलिस प्रदर्शन का नेतृत्व करने वालों की तलाश में दबिश दे रही है।
केंद्र सरकार की तरफ से सेना में चार साल के लिए अग्निवीरों की भर्ती की घोषणा के विरोध में बृहस्पतिवार को रानीगंज बाजार में लच्छीपुर मोड़ तक सैकड़ों की संख्या में युवा हाथों में पोस्टर लेकर सड़क पर उतर पड़े। वे सेना में भर्ती वाली अग्निपथ योजना का विरोध करते हुए नारेेबाजी करने लगे। केंद्र सरकार से इस योजना को वापस लेने की मांग कर रहे थे। युवाओं के विरोध-प्रदर्शन की जानकारी मिलते ही सीओ रानीगंज डॉ. अतुल अंजान त्रिपाठी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे।