कुंडा के बसवाही गांव में शार्ट सर्किट से लगी आग में गृहस्थी जलने पर बिलखते पीड़ित।
- फोटो : प्रतापगढ़
ट्रांसफार्मर में शार्ट सर्किट होने से लगी आग ने रविवार को कुंडा इलाके के बसवाही गांव में कहर बरपा दिया। आग से जहां चार लोगों के घ जल गए, वहीं झुलसने से तीन दर्जन मवेशियों की मौत हो गई। घटना से गांव में चीखपुकार मच गई। आग बुझाने में पांच लोग झुलस गए। फायरकर्मियों ने ग्रामीणों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
कोतवाली क्षेत्र के बसवाही गांव में लगे ट्रांसफार्मर में शार्ट सर्किट होने से रविवार दोपहर श्रीपाल सरोज के छप्पर के घर में आग लग गई। देखते ही देखते लपटों ने जवाहरलाल, रामदीन, पुत्तीलाल और अमृतलाल के घरों को भी अपने आगोश में ले लिया। हवा के कारण आग पर काबू पाना मुश्किल हो रहा था। ग्रामीणों ने पहले सूचना देकर बिजली कटवाई।
इसके बाद फायर ब्रिगेड को फोन किया गया। मौके पर फायर ब्रिगेड पहुंची तो ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया गया। इस दौरान श्रीपाल सरोज की तीन साइकिल, तीन मोटरसाइकिल सहित गृहस्थी के सामान जल गए। इसके साथ ही आठ बकरी, एक गाय, भैंस व उसका बच्चा जलकर मर गए। इसी तरह से रामदीन का घर गृहस्थी के सामान समेत पांच बकरियां जलकर मर गईं।
उसके भाई जवाहरलाल की पांच बकरियां, साइकिल गृहस्थी का सामान, भाई पुत्तीलाल की आठ बकरियां और गृहस्थी का सामान जल गया। भाई अमृतलाल की पांच बकरी, सहित कुछ अन्य जानवर और गृहस्थी का सामान जल गया। आग बुझाने में प्रीती पुत्री श्रीपाल, अंजली पुत्री रामदीन, वृद्धा चौबा देवी, सपना पुत्री बूंदी, गणेश पुत्र कल्लू झुलस गए। सभी का स्थानीय चिकित्सक से इलाज कराया गया।