बैंक डकैती, लूट, हत्या व रंगदारी के मामलों में फरार पचास हजार के इनामी बदमाश अतीक को मुंबई पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उसे लेने के लिए जल्द ही कोतवाली पुलिस मुंबई रवाना होगी। अतीक के पकड़े जाने से पुलिस को कई सनसनीखेज घटनाओं का खुलासा होने की उम्मीद है।
नगर कोतवाली के सरायवीरभद्र छत्ता का पुरवा निवासी पूर्व प्रधान रऊफ का बेटा अतीक अहमद लूट, रंगदारी, हत्या के कई मामलों में फरार चल रहा था। पुलिस ने उसके ऊपर 50 हजार का इनाम घोषित कर रखा है। उसके साथी एक लाख के इनामी तौकीर को चिलबिला कोट के करीब एसटीएफ ने गत दिनों मुठभेड़ में ढेर कर दिया था।
अतीक की तलाश में पुलिस के साथ एसटीएफ भी लगी थी। अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी अवनीश मिश्र ने बताया कि अतीक को मुंबई की साकीनाका पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इस बात की सूचना मिली है। जल्द ही कोतवाली पुलिस की एक टीम उसे प्रतापगढ़ लाने के लिए रवाना होगी। उससे पूछताछ में कई सनसनीखेज घटनाओं का खुलासा होने की उम्मीद है।