बिजली-पानी-सड़क की व्यवस्था ठीक करने का निर्देश
22 जून से शुरू हो रहे शीतला सप्तमी मेले के लिए हुई प्रशासनिक बैठक
कुंडा(ब्यूरो)। मानिकपुर स्थित सिद्धपीठ मां ज्वालामुखी देवी धाम में 22 जून से शुरू होने वाले पांच दिवसीय मेले को लेकर गुरुवार को तहसील में प्रशासनिक बैठक हुई। इसमें मेले से संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। उपजिलाधिकारी विजय पाल सिंह ने लोक निर्माण विभाग को गढ़ी मानिकपुर रेलवे स्टेशन से मां ज्वाला देवी मंदिर होते हुए अलीगंज चौराहा तथा मिरगडवा चौराहा से इनायतगंज होते हुए शाहाबाद उत्तरी स्नान घाट तक क्षतिग्रस्त हुई सड़क को ठीक कराने का निर्देश दिया है। विद्युत विभाग को ढीले तारों को कसवाने और दो अतिरिक्त ट्रांसफार्मर की व्यवस्था करने को कहा गया। स्वास्थ्य विभाग को मेला अवधि में स्वास्थ्य शिविर लगाने एवं एंबुलेंस की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। भीषण गर्मी को देखते हुए जल निगम को नगर के सभी इंडिया मार्का हैंडपंपों की जांच व मरम्मत करते हुए चालू हालत में रखने का निर्देश दिया गया। इसके साथ ही तीन नए हैंडपंप चिह्नित स्थानों पर लगाने को चर्चा हुई। इसके अलावा सफाई, सुरक्षा के लिए पुलिस, अग्निशमन दल को भी अपनी व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। उपजिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को मेला प्रारंभ होने के पूर्व सभी कार्य पूरे करने की बात कही। बैठक के अंत में सचिव डॉ विजय यादव ने सभी के प्रति धन्यवाद व आभार व्यक्त किया। इस दौरान बैठक में पीडब्ल्यूडी के सहायक अभियंता ओम प्रकाश सिंह, विद्युत उपखंड अधिकारी देवेंद्र प्रताप वर्मा, कुसुवापुर पीएससी चिकित्सा अधिकारी डा. अरविंद पाल, पीडब्ल्यूडी अवर अभियंता बृजेश कुमार श्रीवास्तव, लालमणि पटेल, फायर ब्रिगेड से ओम प्रकाश सिंह, आलोक कुमार सिंह, सुरेंद्र कुमार पांडेय, दीपक पटेल आदि मौजूद रहे।
फोटो- 35, 36
तीन साल में ही उखड़ गई कुंडा से हौदेश्वरनाथ धाम जाने वाली सड़क
अुनरक्षण गारंटी में होने के बाद भी अब तक ठेकेदार ने नहीं कराई मरम्मत
अमर उजाला ब्यूरो
कुंडा। तीन साल में ही हौदेश्वरनाथ जाने वाली सड़क की हालत खराब हो गई है। इसके बाद भी ठेकेदार इस सड़क का मरम्मतीकरण नहीं करा रहे हैं। इसके चलते इस पर आने जाने वाले राहगीरों को भारी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत चार किलोमीटर की यह सड़क श्रद्धालुओं के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। दर्शन पूजन के लिए आए दिन इस पर भारी संख्या में लोगों का आना जाना लगा रहता है।
कुंडा क्षेत्र में हौदेश्वरनाथ धाम प्रसिद्ध धार्मिक स्थल है। यहां भारी संख्या में लोगों का आना जाना लगा रहता है। धाम में पहुंचने वाली सडक़ 2016 में बनकर तैयार हुई थी। इसके बाद से इस पर काफी गड्ढे हो गए। गड्ढों के कारण आए दिन लोगेां को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है जबकि अभी यह सड़क ठेकेदार के अनुरक्षण में है। यानी उन्हें अभी दो साल इस सड़क की पूरी तरह से रिपेयरिंग करनी चाहिए। इसके बाद भी प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के माध्यम से बनी इस सड़क पर ठेकेदार का ध्यान नहीं जा रहा है। गड्ढों के चलते लोग आए दिन दुर्घटनाओं का शिकार भी होते रहते हैं। इसको लेकर क्षेत्रीय लोगों में भारी आक्रोश है। लोगों ने जिलाधिकारी का ध्यान इस ओर आकृष्ट कराते हुए इस सड़क के मरम्मतीकरण कराए जाने की मांग की है।
फोटो- 33
लाखों की लागत से बनी पानी की टंकी बनी है शोपीस
परियावां। लाखों की लागत से बनी पानी की टंकी लोगों को मुंह चिढ़ा रही है। पानी की किल्लत होने के बाद भी न तो इसकी रिपेयरिंग हो पाती है और न ही इससे सप्लाई चलाई जाती है। कुछ दिन तक पानी दिया जाता है लेकिन इसके बाद यह शोपीस बन जाती है। इन दिनों भयंकर गर्मी के बीच भी यह शोपीस बनी हुई है। इससे लोगों में आक्रोश है।
कालाकांकर विकास क्षेत्र के सबसे अधिक आबादी वाली ग्राम पंचायत परियावां में वर्ष 2002 में तत्कालीन सांसद राजकुमारी रत्ना के प्रयास से लाखों की लागत से पेयजल टंकी का निर्माण कराया गया था। निर्माण के पश्चात यहां के लोगों को टंकी की से पेयजल आपूर्ति शुरू की गई लेकिन यह सुचारू नहीं रह सकी। परियावां ग्राम पंचायत के में कुल 12 पूरवें हैं। इनमें तुलसी का पुरवा, चंदन का पुरवा, परियावां खास, बीबीपुर, पाइकगंज, धनोऊ का पुरवा, शेख का पुरवा आदि शामिल हैं। इन गांवों में पानी की दिक्कत होने के कारण टंकी का निर्माण हुआ लेकिन टंकी से इन गांव में समुचित आपूर्ति नहीं हो सकी। इस भीषण गर्मी में लोग पेयजल की किल्लत से जूझ रहे हैं लेकिन यहां पर बनी पानी की टंकी लोगों को मुंह चिउढ़ा रही है। इस संदर्भ में कई बार क्षेत्र पंचायत की बैठक में भी ग्राम प्रधान व लोगों ने भी इस टंकी से पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित कराए जाने की मांग भी लेकिन इसमें सफलता नहीं मिली। इससे ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है। गांव के जानकी प्रसाद मौर्य, लाल मोहम्मद, अर्जुन कुमार, सुंदरलाल, आयुष कुमार, राधेश्याम, अनिल कुमार, सुभाष चंद्र, रामकुमार, संजय कुमार, श्रवण आदि ने जिलाधिकारी का ध्यान इस ओर आकृष्ट कराते हुए इसे ठीक कराए जाने की मांग की है।
बहू पर दर्ज कराया बेटे को मारकर गायब करने का केस
पत्नी के साथ गया था दवा कराने, फिर घर नहीं लौटा युवक
बाबागंज। एक महिला ने अपनी बहू व दो अन्य लोगों के खिलाफ बेटे को मारकर गायब करने की आशंका व्यक्त करते हुए मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
महेशगंज थाना क्षेत्र के बहोरिकपुर गांव निवासी बृजरानी देवी पत्नी रामप्यारे गौतम ने थाने में तहरीर देकर कहा है कि उसकी उसका बेटा उमेश कुमार (30) एक हफ्ता पहले पत्नी की दवा कराने के लिए निकला था। बहू तो लौट आई, लेकिन बेटा नहीं लौटा। उसका कहना है कि बहू का संबंध बालू गिट्टी के एक ठेकेदार से हो गया था। इसी के चलते कुछ दिन पूर्व उसके बेटे को बालू-गिट्टी की दुकान पर मारपीट कर बेहोश कर दिया गया था। काफी खोजबीन के बाद भी उसका कुछ पता नहीं चला। इस पर उसने बालू गिट्टी ठेकेदार कृष्णकांत और उनके ड्राइवर विजय कुमार तथा बहू किरण देवी पर पुत्र को मारकर शव छिपाने की आशंका जाहिर करते हुए तहरीर दी। पुलिस ने उसकी तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
फोटो- 34
खड़ंजा में बाधा बन रहे कच्चे मकान को प्रधान ने जेसीबी लगाकर जबरन ढहाया
बाबागंज(ब्यूरो)। खड़ंजा लगवाने के चक्कर में प्रधान ने जबरन जेसीबी लगवाकर एक व्यक्ति का कच्चा घर गिरवा दिया। सूचना पर पुलिस पहुंची लेकिन इस दौरान प्रधान वहां से जेसीबी लेकर भाग निकले।
महेशगंज थाना क्षेत्र के पूरे झाऊ ग्राम पंचायत के राम चेहरे गांव निवासी महारानी दीन सरोज ने थाने में तहरीर देकर ग्राम प्रधान पर जेसीबी से जबरन कच्चा मकान ढहा देने की तहरीर दी है। उसने बताया कि उसका पुश्तैनी पुराना कच्चा मकान गांव के बीच में स्थित था। ग्राम प्रधान शिव बहादुर यादव बुधवार की रात सात-आठ लोगों के साथ जेसीबी लेकर पहुंचे और उसके मकान को जबरन ढहा दिया। पीड़ित ने रात में ही हंड्रेड डायल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पुलिस के पहुंचने से पहले ही जेसीबी लेकर ग्राम प्रधान भाग गए। गुरुवार को पीड़ित ने तहरीर देकर ग्राम प्रधान समेत जेसीबी चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराए जाने की मांग की।