पुलिस के नेटवर्क को ध्वस्त करते हुए बेखौफ बदमाश लगातार व्यापारियों को अपना निशाना बना रहे हैं। अब किराना व्यापारी से बदमाशों ने फोन कर 5 लाख रुपये की रंगदारी मांगी है। मामला सामने आने के बाद पुलिस ने दुकानदार को सुरक्षा मुहैया कराई है। इस धमकी की पुलिस को भनक तक नहीं लग सकी। जबकि संदिग्ध मोबाइल नंबर लगातार पुलिस ट्रेस कर रही है।
नगर कोतवाली के सदर बाजार निवासी अंजनी ऊमरवैश्य की किराने की दुकान है। 9 मार्च को बाइक सवार तीन बदमाशों ने दुकान में घुसकर लूटपाट की थी। बदमाशों ने भागने के दौरान पड़ोस के अशोक शर्मा की गोली मारकर हत्या कर दी थी। सोमवार की शाम अंजनी के मोबाइल पर अंजान नंबर से फोन आया। फोन करने वाले ने उससे 5 लाख रुपये की रंगदारी मांगी।
न देने पर अंजाम भुगतने को तैयार रहने के लिए कहा। इससे पूरा परिवार सहम गया। घटना से परेशान अंजनी ऊमरवैश्य ने पुलिस अधीक्षक एस आनंद को घटना से अवगत कराया। एसपी ने मोबाइल नंबर को ट्रेस करने के लिए सर्विलांस टीम को लगा दिया। पुलिस उस नंबर के बारे में पता कर रही है। ताकि धमकी देने वालों तक पहुंचा जा सके। नगर कोतवाल ने बताया कि तहरीर मिली है। आगे की कार्रवाई की जा रही है। सुरक्षाकर्मी व्यापारी के ऊपर लगातार नजर रखे हुए हैं।