सदर तहसील के सामने अवैध वाहन अड्डों के कारण आये दिन लगा रहता है जाम।
- फोटो : PRATAPGARH
कोरोना का ग्राफ कम होने का नाम नहीं ले रहा है। इसके बावजूद लोग मनमानी करने से बाज नहीं आ रहे हैं। हर ओर सोशल डिस्टेंसिंग की धज्जियां उड़ रही हैं। खासकर सिविल लाइन, अंबेडकर चौराहा व सब्जी मंडी कंपनी गार्डेन में दुकानों पर लोगों की भीड़ जमा रहती है। बिना मॉस्क पहने लोगों का जमघट लगा रहता है। शहर में बुधवार को जाम की समस्या से लोगों को हलाकान होना पड़ा।
जिले में कोरोना संक्रमण से करीब 16 सौ लोग प्रभावित हो चुके हैं। 25 लोगों की मौत हो चुकी है। कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए लोगों को मास्क पहनकर घर से निकलने और लोगों से दूरी बनाकर रखने का सुझाव दिया गया है। जिले में संक्रमण के बढ़ रहे ग्राफ के बाद भी पुलिस प्रशासन लापरवाही बरतने वाले लोगों के खिलाफ कोई ठोस कदम नहीं उठा रही है।
बुधवार को शहर में हर ओर जाम की समस्या नजर आई। सबसे बुरी हालत सिविल लाइन इलाके की रही। पुलिसकर्मी चौराहों से गायब थे। रोडवेज बस डिपो, अंबेडकर चौराहा, कंपनी गार्डेन स्थित सब्जी मंडी में दुकानों के बाहर भारी भीड़ जमा थी। लोग एक दूसरे के संपर्क में आ रहे थे। यहां सोशल डिस्टेंसिंग की धज्जियां उड़ाई जा रही थीं। इसके बावजूद पुलिस खामोश नजर आई।
दुकानदार भी बिना मास्क के सामानों की बिक्री में व्यस्त नजर आए। भंगवा चुंगी से लेकर सदर बाजार चौराहे तक जाम की समस्या देखने को मिली। वहीं चौक घंटाघर से लेकर राजापाल चौराहे तक हर ओर जाम लगा रहा। मरीजों को लेकर जाने वाली एंबुलेंस भी फंसी रहीं। सीओ सिटी अभय पांडेय ने बताया कि लोगों को जागरूक करने का प्रयास हो चुका है। अब लोग नहीं मान रहे। अनलॉक का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई भी की जा रही है।
बंद हुआ कंपनी गार्डेन से मीराभवन जाने का रास्ता
कोरोना संक्रमण के चलते कंपनी गार्डेन से लेकर मीराभवन तक जाने वाले रास्ते को बंद कर दिया गया है। जजेज कालोनी से लेकर गेस्ट हाउस तक बैरियर लगाकर लोगों का आवागमन पूरी तरह बंद कर दिया गया है ताकि कोई भी उस एरिया में प्रवेश न कर सके। रास्ता बंद होने के बाद बस डिपो होकर लोग गुजर रहे हैं।