साइबर कैफे का ताला तोडक़र लाखों की चोरी
कुंडा(संवाद)। नवाबगंज थाना क्षेत्र के आलापुर निवासी इबरार अहमद ने तिराहे के पास साइबर कैफै खोल रखा है। गुुरुवार की रात चोरों ने उसकी दुकान का ताला तोडक़र लैपटाप, इंवर्टर, बैट्री समेत लाखों का उपकरण उठा ले गए। पीड़ित ने घटना की तहरीर पुलिस को दी। सूचना थाने में दी गई है।
फोटो-
अनियंत्रित टेंपो की टक्कर से प्रधान के भाई की मौत, कथावाचक घायल
कथावाचक के स्वागत के लिए सड़क के किनारे जुटे थे लोग
संवाद न्यूज एजेंसी
कुंडा। कथावाचक का स्वागत कर रहे लोगों के बीच अनियंत्रित टेंपो घुस गया। इस दौरान कई लोग टेंपो की टक्कर से घायल हो गए। इसमें कथा वाचक को चोटें आईं। इलाज के लिए ले जाते समय प्रधान के भाई की मौत हो गई।
महेशगंज थाना क्षेत्र के महेवा मलकिया निवासी ग्राम प्रधान जनार्दन प्रसाद त्रिपाठी के यहां शुक्रवार से श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन होना था। गुरुवार की शाम कथा वाचक जबलपुर मध्य प्रदेश के जगदगुुरु नृसिंह पीठाधीश्वर डा. स्वामी श्यामदेवाचार्य के स्वागत के लिए गांव के लोग महेशगंज बाजार में जुटे थे। उनकी गाड़ी आने के बाद उनका स्वागत किया जा रहा था। इस दौरान एक तेज रफ्तार टेंपो भीड़ में घुस गई। टेंपो की टक्कर लगने से कथा वाचक डा. श्यामदेवाचार्य सहित जनार्दन प्रसाद त्रिपाठी के छोटे भाई शिवार्चन त्रिपाठी (65) गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी को इलाज के लिए प्रयागराज ले जाया गया। अस्पताल पहुंचने के पहले ही शिवार्चन त्रिपाठी की मौत हो गई। उधर कथावाचक का इलाज कराया गया। इलाज के बाद वह अपनी पूरी मंडली के साथ लौट गए। इधर शिवार्चन की मौत के चलते घर में चीख पुकार मच गई। इसके साथ ही श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन रद कर दिया गया। चालक टेंपो छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने टेंपो को कब्जे में ले लिया है।
संदिग्ध हालत में महिला गायब
कुंडा (संवाद)। महेशगंज थाना क्षेत्र के धमोहन निवासी गौतम सरोज की पत्नी सीमा शुक्रवार की भोर में अपने घर पर डेढ़ वर्षीय बेटी को छोड़कर लापता हो गई। घटना की सूचना महेशगंज पुलिस को दी गई है।
फोटो-
माध्यमिक विद्यालयीय एथलेटिक्स में स्थान पाने वाले बच्चों को किया गया पुरस्कृत
लौह पुरुष जयन्ती पर आयोजित हुआ कार्यक्रम छात्र-छात्राओं को दिलाई गई शपथ
संवाद न्यूज एजेंसी
कुंडा। लौहपुरुष सरदार बल्लभ भाई पटेल की जयंती के अवसर पर बाबागंज के पूरे बुद्धीधर स्थित बीडी इंटर कालेज में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें छात्र-छात्राओं को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई गयी। इसके बाद कार्यक्रम में माध्यमिक विद्यालयीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में मंडलस्तर एवं जनपद स्तर पर अच्छा प्रदर्शन करने वाले छात्र एवं छात्राओं को विद्यालय में पुरस्कृत किया गया। विशिष्ट अतिथि प्रबंध निदेशक डा. विनय कुमार द्विवेदी एवं प्रबंधक बीडीएस पब्लिक स्कूल अर्चना द्विवेदी तथा जिला पंचायत सदस्य सीताराम सरोज ने प्रशस्ति पत्र, मेडल एवं माला पहनाकर बच्चों को सम्मानित किया। इस दौरान प्रबंध निदेशक ने शिक्षण संस्थान में उच्च शिक्षा तक एथलेटिक्स प्रतियोगी बच्चों को नि:शुल्क शिक्षा दिए जाने की घोषणा की। साथ ही विद्यालय में छात्र एवं छात्राओं को बैग बितरण किया गया। इस दौरान कार्यक्रम में प्रधानाचार्य देवेंद्रमणि तिवारी, पूर्व व्यायाम शिक्षक राम प्यारे शुक्ल, सत्य नारायण मिश्र, छोटे लाल मौर्या, चक्रधारी पांडेय, केके पांडेय, लोकेशमणि त्रिपाठी, अजय कुमार द्विवेदी आदि मौजूद रहे।
कोर्रही में निकली कलश यात्रा
बाघराय। बिहार विकासखंड के कोर्रही धनीपुर गांव में श्रीमद् भागवत कथा के शुभारंभ के मौके पर कलश यात्रा निकाली गई। कलश यात्रा पुराना जिल्ला, धनीपुर, लाला का पुरवा, सराय अंधराय, भिटारा, मंडल भासौं, चकवड़, हनुमत मंदिर, जोगापुर, सराय प्रतापिन आदि स्थानों से होते हुए कथा स्थल पर पहुंची। आचार्य रमेश पांडेय ने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ कलश स्थापित कराया। इसके बाद भागवत कथा का शुभारंभ किया गया। कथा वाचक आचार्य रमेश पांडेय ने कहा भगवान कृष्ण साक्षात आनंद स्वरूप हैं। इनकी पूजा अर्चना करने से हम लोगों के घर में सुख शांति समृद्धि वैभव की प्राप्ति होती है। जीवन में धन धान्य लाभ प्राप्त करने के लिए श्रीमद्भागवत कथा का श्रवण करना बहुत आवश्यक है। संयोजक शिक्षक बृजकिशोर शुक्ला, गिरजा शंकर शुक्ला ने राधा कृष्ण की आरती उतारी। इसक बाद प्रसाद वितरण किया गया। इस मौके पर अविनाश शुक्ला, कमलेश शुक्ला, बालेंद्र भूषण, कृष्णचंद्र, राकेश पांडेय, अनिल पांडेय, अतुल मिश्रा आदि मौजूद रहे।
समाजसेवी के निधन पर शोक
बाघराय। स्थानीय बाजार के व्यापारी सुरेश तिवारी के पिता समाजसेवी कालिका प्रसाद तिवारी बारौ का बीमारी के चलते निधन हो गया। उनकी मौत पर बाघराय के व्यापारियों ने दोपहर तक अपनी दुकानें बंद रखकर दुख जताया। बाजार के डा. बांकेलाल चौरसिया, महामंत्री अनिल पांडेय, संरक्षक अल्पनाथ त्रिपाठी, देवीशंकर मिश्रा, रामखेलावन यादव आदि ने शोक सभा कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।