गर्मी आते ही बिजली ने अपना रंग दिखाना शुरू कर दिया है। बिजली की अघोषित कटौती होने लगी है। मंगलवार रात भुपियामऊ उपकेंद्र पर गड़बड़ी बताकर कटौती की गई। जिससे शहरी रात भर अंधेरे में रहे।
शहरियों को अघोषित कटौती से निजात नहीं मिल पा रही है। ठंड के मौसम में मरम्मत के नाम पर कटौती करने वाले विभाग ने गर्मी आते ही रात में अघोषित कटौती शुरू कर दी गई है। मंगलवार रात सवा दस बजे कटौती हुई तो पूरी रात बिजली नहीं मिली। बुधवार सुबह पता चला कि भुपियामऊ उपकेंद्र में फॉल्ट आ गया था, इसलिए लाइट काट दी गई। इस बारे में जेई टाउन एसबी प्रसाद का कहना था कि आंधी पानी के कारण भुपियामऊ उपकेंद्र में गड़बड़ी आ गई थी, इसलिए बिजली कटौती की गई थी।
जबकि भुपियामऊ सब स्टेशन के एसडीओ का कहना है कि भुपियामऊ में कोई गड़बड़ी नहीं थी। बाबागंज की लाइन में गड़बड़ी आ गई थी। ऐसे में सवाल यह है कि बाबागंज में गड़बड़ी के कारण शहर के बाकी हिस्सों में कटौती क्यों की गई। जहां गड़बड़ी थी उस इलाके की कटौती करके बाकी जगह आपूर्ति की जा सकती थी। मगर ऐसा नहीं किया गया।