पट्टी कोतवाली क्षेत्र के किठौली जलालपुर में मंगलवार की रात मुर्गी फार्म संचालक का शव पोल्ट्री फार्म के अंदर फंदे से लटका मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
किठौली जलालपुर निवासी विवेक वर्मा (25) घर के पास ही मुर्गी फार्म का संचालन करते थे। मंगलवार की रात भोजन करने के बाद विवेक मुर्गी फार्म देखने चले गए। काफी देर तक घर न लौटने पर परिजन परेशान हो गए। ढूंढते हुए परिजन मुर्गी फार्म पहुंचे।
वहां युवक का शव फंदे से लटका देखा तो बदहवास हो गए। ग्रामीणों की मदद से परिजनों ने शव को नीचे उतारा।
बुधवार की सुबह घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक तीन भाइयों में बड़ा था। छोटे भाई अभिषेक और अनुज हैं। अनुज आईटीबीपी में कार्यरत हैं। मृतक के पिता रामचंदर लकड़ी का कारोबार करते हैं। पट्टी कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रदीप सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण पता चलेगा। परिजनों से पूछताछ में मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। मामले की जांच की जा रही है।