आसमान छू रहे आलू के भाव कम होने का नाम नहीं ले रहे हैं। दिवाली के बाद बाजार में नया आलू आने के बाद दाम घटने की उम्मीद जताई जा रही थी, लेकिन सारे अनुमान धरे के धरे रह गए। आलू अभी भी पचास रुपये किलो बिक रहा है। नए आलू का स्टाक आने के बाद भी दाम नहीं गिरे। मंडी के अधिकारियों के अनुसार नए आलू का स्टाक कम आ रहा है। जबकि खपत अधिक है। अब लोगों की निगाहें जिले में पैदा होने वाले आलू पर टिकी हुई हैं।
प्रतीकात्मक तस्वीर
- फोटो : Pixabay
सितंबर माह से बाजारों में आलू फुटकर में 50 रुपये किलो बिक रहा है। दाम नियंत्रित करने के लिए शासन ने कोल्ड स्टोरेज में रख्रा आलू निकालने का निर्देश दिया था। इस पर 31 अक्तूबर तक उद्यान विभाग ने जिले के कोल्डस्टोरेज से लगभग 11 हजार मीट्रिक टन आलू की निकासी कराई। इसके बाद भी आलू के दाम नहीं घटे। अनुमान लगाया जा रहा था कि दिवाली के बाद बाजार में नया आलू आने पर भाव कम होंगे। अब दिवाली बीते एक सप्ताह से अधिक हो रहे हैं।
आलू
- फोटो : पिक्साबे
पंजाब से नए आलू का स्टाक भी आने लगा है। जबकि पहले की तरह ही आगरा व कन्नौज से पुराना आलू मंगाया जा रहा है, लेकिन इसके बाद भी दाम जस के तस बने हुए हैं। अभी भी बाजारों में आलू पचास रुपये किलो बिक रहा है। नए और पुराने आलू के दाम लगभग बराबर हैं।
दहिलामऊ मंडी के सब्जी विक्रेता शेर खां ने बताया कि पंजाब से नया आलू कम आ रहा है। इसके अलावा ट्रांसपोर्टेशन चार्ज भी महंगा पड़ रहा है। सब्जी विक्रेता अविनाश का कहना है कि बाजारों में नया आलू तो आ गया है, मगर दाम नहीं घट रहे हैं। यही हाल प्याज का भी है।
प्रतीकात्मक तस्वीर
- फोटो : amar ujala
मंडी में हर दिन महज 25 क्विंटल आ रहा नया आलू
पंजाब से हर दिन मंडी में करीब 25 क्विंटल नया आलू ही आ रहा है। खपत के मुकाबले यह बहुत कम है। सब्जी विक्रेता नए आलू के लिए प्रयागराज के चक्कर लगा रहे हैं। वाहन भाड़ा महंगा पड़ रहा है। यही वजह है कि आलू के दाम कम नहीं हो रहे। आलू का स्टाक अधिक आने पर ही दाम कम होने की उम्मीद जताई जा रही है।
प्रतीकात्मक तस्वीर
- फोटो : Pixabay
वहीं, इस संबंध में प्रभारी मंडी सचिव रमेश पांडेय ने बताया कि नए आलू का स्टाक बहुत ही कम आ रहा है। आगरा व कन्नौज से पुराना आलू मंगाया जा रहा है। यही वजह है कि आलू के दाम कम नहीं हो रहे हैं। अब जिले में पैदा होने वाला आलू बाजार में आने के बाद भी भाव घटेंगे।