फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ब्लॉक प्रमुख चुनाव में सपा का दबदबा

Sun, 07 Feb 2016 10:48 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो प्रतापगढ़
विज्ञापन
विज्ञापन
जिले के नौ ब्लॉकों में प्रमुख पद के लिए हुए चुनाव में सपा का डंका बजा है। आठ सीटों पर सपा के प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की है, जबकि पट्टी ब्लाक प्रमुख पद पर भाजपा प्रत्याशी पूर्व मंत्री मोती सिंह के भतीजे राकेश कुमार सिंह ने बाजी मारी है। ब्लाक मुख्यालयों में भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच हुए मतदान के बाद हुई मतगणना के बाद परिणाम घोषित होते ही समर्थक खुशी से झूम उठे। डीएम और एसपी ने लालगंज, लक्ष्मणपुर सहित अनेक ब्लाक मुख्यालयों का दौरा कर मतदान का जायजा लिया।
विज्ञापन


रविवार को सुबह 11 बजे से तीन बजे के बीच हुए मतदान के बाद मतगणना का कार्य प्रारंभ किया गया। मतगणना प्रारंभ होेने के महज आधे घंटेे बाद ही परिणाम आने लगे। हालांकि अधिकांश ब्लॉकों में मतगणना के दौरान ही माहौल भांपकर विरोधी प्रत्याशियों ने मैदान छोड़ दिया था। सदर ब्लॉक में हुए चुनाव में सपा प्रत्याशी रामप्रकाश सरोज ने महेंद्र कुमार को 88 मतों से हराया। कुल 100 मतों में रामप्रकाश को 92 और महेंद्र कुमार को 04 मत मिले, जबकि चार मत अवैध घोषित किए गए। लक्ष्मणपुर विकास खंड में हुए चुनाव में सपा प्रत्याशी वहीदा को 43 और गीता वर्मा को 35 मत मिले, जबकि एक मत अवैध घोषित किया गया। बेलखरनाथधाम ब्लाक में सपा प्रत्याशी नेपाली ने भाजपा समर्थित प्रत्याशी इसराजी को एक मत से हराया।

नेपाली को 40 और इसराजी को 39 मत मिले। दो मत अवैध घोषित किए गए। मानधाता ब्लाक में हुए चुनाव में सपा प्रत्याशी अजय सिंह को 62 और बसपा प्रत्याशी अशफाक अहमद को 42 मत मिले। मतगणना के दौरान छह मत अवैध घोषित किए गए। मंगरौरा ब्लाक में सपा प्रत्याशी कंचन वर्मा को 48 मत मिले, जबकि शांति यादव 27 मत पाकर दूसरे और पूनम वर्मा 11 मत पाकर तीसरे स्थान पर रहीं। एक मत अवैध रहा। संडवा चंद्रिका में सपा प्रत्याशी रामकली को 75, बसपा प्रत्याशी खेतारानी को तीन और निर्दलीय पंकज सरोज को 04 मत मिले। एक मत अवैध रहा। लालगंज ब्लाक में हुए चुनाव में सपा प्रत्याशी रमेश प्रताप सिंह ने कांग्रेस प्रत्याशी सुरेंद्र सिंह को छह मतों से परास्त किया।
विज्ञापन


रमेश प्रताप सिंह को 39 और सुरेंद्र सिंह को 33 मत मिले। एक मत अवैध रहा। आसपुर देवसरा ब्लाक में सपा प्रत्याशी माधुरी यादव को 52, नीतू शर्मा पत्नी सुशील को 33 और नीतू पत्नी नवीन को एक मत मिले। तीन मत अवैध घोषित किए गए। पट्टी ब्लाक में हुए चुनाव में भाजपा प्रत्याशी और पूर्व मंत्री के भतीजे राकेश कुमार सिंह को 35 और सपा प्रत्याशी विद्याशंकर पटेल को 28 मत मिले। ब्लॉक प्रमुख चुनाव के दौरान किसी भी अनहोनी से निपटने के लिए डीएम डा. आदर्श सिंह और एसपी एमपी वर्मा पूरी तरह मुस्तैद दिखे। मतदान प्रारंभ होते ही लालगंज ब्लाक पहुंचकर जायजा लिया। सपा प्रत्याशी की शिकायत पर पहुंचे डीएम ने चुनाव अधिकारी को निष्पक्ष मतदान कराने का निर्देश दिया। मतदान के दौरान ब्लाकों में भारी संख्या में फोर्स तैनात रही। 
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें