कस्बा स्थित होटल टनाटन में किशोरी के साथ हुए दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने होटल संचालक अद एस नेता और मैनेजर के खिलाफ मंगलवार को कार्रवाई करते हुए जेल भेज दिया। घटना के मुख्य आरोपी को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
अपना दल एस के नेता जय कौशल का कस्बे में टनाटन नाम से होटल है। गत दिनों एक नाबालिग छात्रा के साथ होटल में दुष्कर्म का मामला सामने आने पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया। मुख्य आरोपी सगरा सुंदरपुर निवासी अनूप जायसवाल को पुलिस पहले ही जेल भेज चुकी है। अवैध तरीके से संचालित होटल को रविवार की आधी रात सील कर दिया गया।
होटल के सीसीटीवी फुटेज को खंगालने के बाद पुलिस को वहां की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। रेस्टोरेंट में पर्दे लगाकर बेड का प्रबंध किया गया था। पुलिस ने जांच के दौरान रेस्टोरेंट के लाइसेंस पर होटल संचालन को लेकर सख्त कदम उठाया। मंगलवार को पुलिस ने होटल संचालक जय कौशल व मैनेजर अजय मिश्र उर्फ दीपक को आपराधिक षडयंत्र की साजिश रचने का आरोपी मानते हुए जेल भेज दिया।
आरोपी अद नेता जय कौशल ने नगर निकाय चुनाव में अपनी पत्नी को नपं अध्यक्ष का चुनाव भी लड़ा चुका है। हाल ही में सभासदों के खिलाफ भी आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर वह एक और मुकदमे की जद में आया है। लखनऊ के मोहनलालगंज में भी एक घटना को लेकर उसके नाम की चर्चा रही। सीओ लालगंज आशुतोष मिश्रा ने बताया कि जांच के दौरान होटल संचालक व मैनेजर की भूमिका संदिग्ध मिली है। कार्रवाई जारी है।