police raid on many places to arrest accused of younger brother's killer
संडवाचंद्रिका। छोटे भाई को तलवार से काटकर मौत के घाट उतारने वाले हत्यारोपी की तलाश में अंतू पुलिस लगातार दबिश पर दबिश दे रही है। मगर आरोपी हाथ नहीं लगे। कुछ रिश्तेदारों को उठाकर पुलिस पूछताछ कर रही है। पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचते ही कोहराम मच गया। घटनास्थल व मृतक के घर पर अमेठी व अंतू पुलिस मुस्तैद रही।
अमेठी जिले के संग्रामपुर थाना क्षेत्र के शीतला बक्स का पुरवा के रहने वाले रामखेलावन गुप्ता का छोटे भाई रामशरण गुप्ता से जमीन को लेकर विवाद चला आ रहा है। मां की खबर मिलने पर मुंबई में रहने वाला रामशरण घर आया था। शनिवार को विवादित जमीन के निस्तारण का झांसा देकर छोटे भाई रामशरण को अपने पास खेत में बुलाया था। बेटे आदित्य के साथ वह खेत के पास पहुंचने पर रामखेलावन गुप्ता ने अपनी पत्नी, बेटे और बहू के साथ तलवार व कुल्हाड़ी से उस पर हमला बोल कर दिया था। बेटे आदित्य पर भी हमला कर घायल किया था। तलवार व कुल्हाड़ी के हमले में पिता पुत्र घायल हो थे। शोर शराबा सुनकर परिजन दौड़कर पहुंचे तो आरोपी भाग निकले थे। दोनों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र संग्रामपुर ले जाया गया था, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया था। अंतू पुलिस ने मृतक की पत्नी मालती गुप्ता की तहरीर पर आरोपी रामखेलावन गुप्ता, बेटे पिंटू पत्नी उर्मिला व बहू सीमा के विरुद्ध शनिवार को ही हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया था। रविवार की रात अंतू व अमेठी पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में दबिश देती रही मगर कोई नही मिला। पुलिस तीन रिश्तेदारों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही। दूसरी ओर पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचते ही कोहराम मच गया।
मवेशी काटने के संदेह में पांच का शांतिभंग में चालान
प्रतापगढ़। अजीत नगर में आवासीय इलाके में मवेशी काटे जाने के संदेह में कोतवाली पुलिस ने शनिवार की रात छापा मारा। हालांकि संदिग्ध लोगों के ठिकानों से कुछ भी बरामद नहीं हुआ। मगर पुलिस ने नफीस अहमद, रईस अहमद, अमजद, फारुख और अब्दुल रऊफ को हिरासत में ले लिया। हिरासत में लिए गए लोगों ने बताया कि मवेशी काटने का उनके पास लाइसेंस था, मगर उसका नवीनीकरण नहीं हुआ है। नगर कोतवाल ने बताया कि हिरासत में लिए लोगों को चेतावनी देते हुए शांतिभंग में चालान कर दिया। नागरिक कई दिनों से शिकायत कर रहे थे कि मवेशी काटने वाले रामलीला मैदान में अपशिष्ट फेंक देते हैं। जिससे दुर्गंध उठती रहती है और लोग बीमारी की गिरफ्त में आते हैं। संवाद