जिला अस्पताल में मेडिकल कॉलेज भवन निर्माण को ढहाने के लिए पुराने भवनों पर लगाए गए लाल निशान।
- फोटो : PRATAPGARH
मेडिकल कॉलेज निर्माण ने तेजी पकड़ ली है। पखवारे भर के भीतर जिला अस्पताल स्थित सीएमएस बंगला समेत 25 आवास और होम्योपैथिक अस्पताल का आफिस खाली करने के लिए आदेश जारी हो गया है। इतना ही नहीं ढहाए जाने वाले भवनों पर निशान भी लगा दिया गया है। इससे सरकारी आवास में रहकर नौकरी करने वाले कर्मचारियों में खलबली मच गई है।
योगी सरकार ने जिले को मेडिकल कॉलेज की सौगात दी थी। मेडिकल कॉलेज निर्माण में पहले जमीन बाधा बन रही थी। जिला प्रशासन ने पूरे केशवराय में भूमि उपलब्ध करा दी। पूरे केशवराय में मेडिकल कॉलेज का निर्माण भी शुरू हो गया। सप्ताह भर पहले प्रतापगढ़ आए सूबे के मुखिया योगी आदित्यनाथ ने सभा के दौरान यह घोषणा कर दी कि प्रयास होगा कि अगले सत्र से यहां मेडिकल कालेज में दाखिला शुरू हो जाए। इसके बाद से कार्यदायी संस्था ने तेजी पकड़ ली है।
मुख्यमंत्री के निर्देश का पालन करते हुए कार्यदायी संस्था ने जिला अस्पताल में सात मंजिला भवन तैयार करने के लिए कमर कस ली है। पुराने भवनों को गिराने के लिए सीएमएस योगेंद्र यति, जिला अस्पताल पुलिस चौकी के साथ ही जिला होम्योपैथिक अधिकारी के साथ कर्मचारियों को भवन खाली करने के लिए नोटिस थमा दिया गया है।
ढहाए जाने वाले भवनों पर निशान भी लगा दिया गया है। इससे अब जिला अस्पताल से पुलिस चौकी जहां हट जाएगी, वहीं होम्योपैथिक अस्पताल का संचालन सुखपाल नगर में होगा। सीएमएस के साथ अन्य कर्मचारियों को आवास के लिए भटकना पड़ेगा। सीएमएस की मानी जाए तो इमरजेंसी, ओपीडी और सर्जिकल के साथ मेडिकल और चिल्ड्रेन वार्ड को अभी नहीं तोड़ा जाएगा। इसके अतिरिक्त जिला अस्पताल के सभी वार्ड को सप्ताह भर के अंदर ढहा दिया जाएगा।
जिला अस्पताल में मेडिकल कॉलेज भवन निर्माण को ढहाने के लिए पुराने भवनों पर लगाए गए लाल निशान।- फोटो : PRATAPGARH