चेकिंग के दौरान बाइक रोकने पर पुलिस के ऊपर फायरिंग कर भाग रहे बदमाशों से पुलिस की मुठभेड़ हो गई। पुलिस की गोली से सुपारी किलर के पैर में गोली लगी। जबकि उसका साथी अंधेरे का लाभ उठाते हुए भागने में कामयाब रहा। सूचना मिलने पर पहुंचे एसपी अभिषेक सिंह ने 25 हजार के इनामी घायल शूटर को जिला अस्पताल भेजा। जहां प्राथमिक उपचार के बाद डाक्टरों ने उसे प्रयागराज के लिए रेफर कर दिया। उसके पास से तमंचा, रुपये व बाइक बरामद हुई है।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक सिंह ने बताया कि गुरुवार की देर शाम फतनपुर थानाध्यक्ष व स्वॉट टीम शातिर बदमाशों द्वारा इलाके में किसी आपराधिक घटना को अंजाम दिए जाने की सूचना पर गीतानगर बाजार के करीब वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इस बीच गीतानगर की ओर से बाइक से दो युवक आते दिखे। जिन्हे पुलिस ने रुकने का इशारा किया। पुलिस को सामने देख बाइक पर पीछे बैठा बदमाश फायरिंग करते हुए नरहरपुर की ओर भागे। पुलिस ने उनका पीछा कर लिया।
पुलिस भी फायरिंग करने लगी। इस बीच बाइक पर पीछे बैठे बदमाश के पैर में गोली लग गई। गोली लगते ही बाइक लेकर बदमाश गिर पड़े। पुलिस के पहुंचने से पहले ही अंधेरे का लाभ उठाकर दूसरा बदमाश भाग निकला। घटना की सूचना पर मिलने पर वह भी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। गोली लगने से घायल बदमाश गुफरान (21) पुत्र रिजवान निवासी विवेक नगर प्रतापगढ़ ने ही फतनपुर थाना क्षेत्र के नई कोट खड़गराय निवासी तांत्रिक लालता शर्मा की घर से लाकर साथियों के साथ गोली मारकर हत्या की थी।
हत्या के एवज में ढाई लाख रुपये की सुपारी ली थी। उसके ऊपर 25 हजार का ईनाम घोषित किया गया था। उसके पास से तमंचा, रुपये व बाइक बरामद हुई है। गुफरान सुपारी लेकर लोगों की हत्या करता था। इस बात की तहकीकात की जा रही है। उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया गया। जहां उसकी हालत गंभीर देख डाक्टरों ने प्रयागराज रेफर कर दिया।
मुठभेड़ में दौरान बरामद तमंचा।- फोटो : PRATAPGARH