टाइनी शाखा संचालक से लूट के मामले में 24 घंटे बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं। तीन संदिग्ध आरोपियों को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है। वहीं सीसीटीवी फुटेज से बदमाशों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
कंधई थाना क्षेत्र के कस्तूरीपुर निवासी रमेश वर्मा ने कंधई मधुपुर में स्टेट बैंक आफ इंडिया की टाइनी शाखा खोल रखी है। जैतीपुर निवासी प्रवीण कुमार पुत्र दयाराम उसका पार्टनर है।
गुरुवार दोपहर प्रवीण चिलबिला स्थित एसबीआई से 2.40 लाख रुपये लेकर अमसौना निवासी अशफाक पुत्र हामिद के साथ कंधई मधुपुर लौट रहा था। जफरापुर गेट के करीब पीछे से आए बाइक सवार तीन बदमाशों ने उसे तमंचा सटाकर रोक लिया। रुपयों से भरा बैग छीनने लगे। विरोध करने पर बदमाश प्रवीण व अशफाक की पिटाई कर रुपयों से भरा बैग लूटने के बाद शहर की ओर भाग निकले।
घटना के 24 घंटे बाद भी पुलिस आरोपियों तक नहीं पहुंच सकी। एसबीआई के सीसीटीवी कैमरे में कैंद कुछ संदिग्धों को पुलिस ने रात में ही उनके ठिकाने से उठा लिया। उनसे पूछताछ कर रही है। वहीं मुख्य आरोपी पुलिस के हाथ नहीं लग सके। पुलिस ने इस मामले में पीड़ित की तहरीर पर तीन अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।